जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में 98 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित सीएटीसी-318 प्रशिक्षण शिविर में उत्तर प्रदेश एनसीसी मुख्यालय, लखनऊ के एडीजी मेजर जनरल गौरव गौतम का आगमन हुआ। उनके स्वागत में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय वाराणसी के ग्रुप कमांडर विकास पंजियार, कैंप कमांडेंट कर्नल आलोक डी. सिंह एवं अन्य अधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया।
मेजर जनरल गौरव गौतम ने कैंप का निरीक्षण कर कैडेटों को दिए जा रहे विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ड्रिल, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट, फायरिंग तथा व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों का अवलोकन किया।
कैडेटों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति का विकास करने वाला सशक्त संगठन है। उन्होंने कहा कि एनसीसी के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है।
अपने संबोधन में मेजर जनरल गौरव गौतम ने कैडेटों को आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को अपनी प्रतिभा पहचानकर उसे निखारने का प्रयास करना चाहिए तथा जीवन में किसी आदर्श व्यक्तित्व से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने आत्मरक्षा प्रशिक्षण और नई भाषाएं सीखने के महत्व पर भी बल दिया। साथ ही कैडेटों से अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
मेजर जनरल गौतम ने कैंप की व्यवस्थाओं और प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशिक्षकों की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई आवासीय एवं प्रशिक्षण सुविधाओं के लिए कुलपति प्रो. वंदना सिंह एवं विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी, एएनओ तथा बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे।


