Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरलोहिया पार्क व गौराबादशाहपुर सहित विभिन्न स्थानों पर योग शिविर आयोजित, लोगों...

लोहिया पार्क व गौराबादशाहपुर सहित विभिन्न स्थानों पर योग शिविर आयोजित, लोगों ने किया योगाभ्यास

जौनपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद जौनपुर में विभिन्न स्थानों पर योग शिविरों का आयोजन किया गया। लोहिया पार्क, श्री हनुमान मंदिर गौराबादशाहपुर सहित कई स्थानों पर आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।

शासन के निर्देश के क्रम में आयोजित इन योग शिविरों का संचालन आयुष विभाग के तत्वावधान में किया गया। आयुष विभाग उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र दयालु, प्रमुख सचिव रंजन कुमार, विशेष सचिव मदन सिंह गर्ब्याल एवं मिशन निदेशक चैत्रा वी. जी. के मार्गदर्शन तथा जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी जौनपुर डॉ. कमल द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन कराया गया।

योग प्रशिक्षकों ने कराया विभिन्न आसनों का अभ्यास

लोहिया पार्क में योग प्रशिक्षक अरविंद कुमार यादव ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, बंध एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योग के लाभों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है।

वहीं गौराबादशाहपुर स्थित श्री हनुमान मंदिर में योग प्रशिक्षक योगेश दत्त शुक्ल ने योग साधकों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, पाचन तंत्र को मजबूत करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए योगाभ्यास कराया।

कराए गए कई महत्वपूर्ण योगासन और प्राणायाम

शिविरों में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, वक्रासन, पवनमुक्तासन तथा भुजंगासन सहित विभिन्न योगासन कराए गए। इसके अलावा अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका, शीतली, शीतकारी और भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया।

योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को नियमित योग करने, संतुलित आहार अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी।

स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का आह्वान

योग शिविरों में शामिल लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए योग के महत्व को समझा। प्रशिक्षकों ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिले भर में लोगों में उत्साह दिखाई दे रहा है तथा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।