जौनपुर। जनपद की मेधावी छात्रा शिप्रा सिंह पुत्री डॉ. दिलीप कुमार सिंह एवं श्रीमती पद्मा सिंह ने नेट परीक्षा में 194 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। नेट परीक्षा उत्तीर्ण करने के साथ ही उन्होंने सहायक प्राध्यापक तथा पीएचडी में प्रवेश की पात्रता भी प्राप्त कर ली है।
पढ़ाई में शुरू से मेधावी रहीं शिप्रा
शिप्रा सिंह प्रारंभ से ही मेधावी और प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा डायट, ब्लॉसम, रामेश्वर शिशु विहार और राज कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर से एमबीए की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उच्च स्थान के साथ उत्तीर्ण की। उन्होंने बीएड और एमएड की परीक्षाएं भी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की हैं।
बताया गया कि पिछले वर्ष भी शिप्रा सिंह ने पीएचडी के लिए अर्हता प्राप्त की थी, लेकिन कुछ अंकों से नेट परीक्षा में सफलता हासिल नहीं कर सकी थीं। इस बार उन्होंने मेहनत और लगन के बल पर नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा साबित की।
विपरीत परिस्थितियों में हासिल की सफलता
शिप्रा सिंह ने पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ विपरीत परिस्थितियों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हुए यह सफलता हासिल की। परिजनों ने उनकी उपलब्धि को विशेष बताया। वर्तमान में शिप्रा सिंह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं।
उनकी सफलता पर परिवार के सदस्यों, मित्रों, परिजनों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


