जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के फतेहगंज बाजार और पकड़ी चौराहे के बीच रैदासपुर गेट के समीप शुक्रवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
हादसे में दोनों बाइक चालकों की मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे में स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के चालक अजीत कुमार यादव (20) पुत्र महेंद्र यादव निवासी बीरभानपुर, थाना बक्शा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स के चालक आफिर (19) पुत्र सिद्दीक अहमद निवासी तमाशापुर, थाना सरायख्वाजा की भी हादसे में मौत हो गई।
तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल
दूसरी बाइक पर सवार रंजीत कुमार राव (21) पुत्र अच्छेलाल राव निवासी पुरानी बाजार, थाना कोतवाली गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने जिला अस्पताल से रेफर कराकर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया गया कि दोनों मोटरसाइकिलों पर दो-दो युवक सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही बक्शा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने शवों को शवगृह भेजा
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने अजीत कुमार यादव और आफिर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल स्थित शवगृह भेज दिए। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


