जौनपुर। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो भीषण सड़क हादसों ने मंगलवार को सनसनी फैला दी। इन हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
पहली घटना बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के सरोखनपुर स्थित NH-731 पर तड़के करीब तीन बजे हुई। Sultanpur की ओर से आ रहे आलू लदे ट्रक को पीछे से तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में एक की पहचान रामकरण गुर्जर (Jaipur) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हादसे में गंभीर रूप से घायल इंद्र कुमार (जगदीशपुर, सुल्तानपुर) का इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लगभग तीन घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
दूसरी घटना गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के खलसहा मोड़ के पास हुई, जहां बारात से लौट रहे युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कटे पेड़ से टकरा गई। हादसे में पित्तुपुर निवासी 32 वर्षीय जितेंद्र उर्फ कल्लू गुप्त की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके जीजा संजय गुप्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को बेहतर उपचार के लिए Trauma Center Varanasi से PGI Lucknow रेफर किया गया है। इस हृदयविदारक घटना ने परिवार को झकझोर दिया है।
मृतक के पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चे हैं, जिनका भविष्य अब अधर में लटक गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।



