Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

मछलीशहर प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान

मछलीशहर के राजमहल पैलेस में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व को समझते हुए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
Homeअपना जौनपुरसड़क हादसों में युवक की मौत, नौ घायल, एक बीएचयू ट्रॉमा सेंटर...

सड़क हादसों में युवक की मौत, नौ घायल, एक बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर

जफराबाद, केराकत और मछलीशहर क्षेत्र में हुए अलग-अलग हादसों से मचा हड़कंप

जौनपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। जौनपुर सड़क हादसा की इन घटनाओं में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है। पुलिस ने सभी मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जफराबाद थाना क्षेत्र के समोपुर गांव निवासी अतुल चौहान मंगलवार दोपहर बाइक से खाली गैस सिलेंडर लेकर नाथूपुर स्थित गैस गोदाम जा रहे थे। इसी दौरान जफराबाद बाईपास पर सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में अतुल चौहान और दूसरी बाइक पर सवार अमन कुमार (19) निवासी लाडनपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अमन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अतुल चौहान की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

एक अन्य जौनपुर सड़क हादसा केराकत कोतवाली क्षेत्र के कदहरा गांव के समीप हुआ। यहां एक ऑटो रिक्शा और बाइक में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। समाचार लिखे जाने तक उनकी पहचान नहीं हो सकी थी।

ऑटो रिक्शा में सवार अर्चना पत्नी चंदन, उनका दो वर्षीय पुत्र, दूबरी निवासी पसेवां, शिवपूजन निवासी कर्दहां तथा दीपक निवासी धर्मापुर भी घायल हो गए। संयोगवश जिला मुख्यालय से केराकत जा रहे उपजिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। उन्होंने बेहोश बाइक सवारों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया, जबकि अन्य घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुफ्तीगंज पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दूबरी, शिवपूजन और दीपक की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं एक अन्य दुर्घटना सोमवार देर रात मछलीशहर-जंघई मार्ग पर हुई।

मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गरियांव गांव निवासी संतोष शुक्ल बाइक से घर लौट रहे थे। बंधवा बाजार के समीप अचानक सामने आए एक पैदल राहगीर को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस सभी दुर्घटनाओं की जांच कर रही है। लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।