Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरJaunpur Police Encounter: चार बदमाश गिरफ्तार, तीन तमंचे और दो बाइक बरामद

Jaunpur Police Encounter: चार बदमाश गिरफ्तार, तीन तमंचे और दो बाइक बरामद

जौनपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। केराकत थाना पुलिस, गौराबादशाहपुर थाना पुलिस, स्वाट/एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान चार शातिर बदमाश गिरफ्तार किए गए। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, 10 जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार सर्विलांस और मुखबिर से सूचना मिली थी कि चार बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में केराकत क्षेत्र की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही केराकत थाना पुलिस, गौराबादशाहपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने मल्सपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें शैलेश यादव उर्फ हीरा यादव के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में शैलेश यादव उर्फ हीरा यादव, मोतीलाल यादव उर्फ करी, अभिषेक यादव उर्फ विकास तथा एक बाल अपचारी शामिल हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपित शैलेश यादव उर्फ हीरा यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न थानों में कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन देशी तमंचे (.315 बोर), 10 जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो मोटरसाइकिल, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा तीन अन्य स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर केराकत थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।