फट गई घर और छत की दीवारें, किसी तरह परिजनों ने बचाई जान
जौनपुर धारा,मुंगराबादशाहपुर। नगर के जंघई रोड स्थित बालाजी ज्वेलर्स एवं वस्त्रालय में सोमवार की बीती रात लगभग दो बजे विद्युत शार्ट सर्किट से लगी आग से करीब डेढ़ लाख नगदी समेत 25 लाख रुपए से अधिक का कीमती सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड के जवानों और स्थानीय लोगों की घंटो की कड़ी मशक्कत बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की विभीषिका को देखकर लोग दहल गये। मुंगराबादशाहपुर नगर के जंघई रोड निवासी दिव्यांशु सोनी पुत्र प्रेमचन्द सोनी अपने रिहायशी माकान के ऊपरी मंजिल पर परिवार में मां गीता सोनी भाई विभांशु सोनी पत्नी शिवानी सोनी एवं डेढ़ साल की पुत्री गौरी के साथ रहते हैं तथा ग्राउंड फ्लोर पर बालाजी ज्वेलर्स एवं वस्त्रालय संचालित करते हैं। सोमवार की रात वह देर शाम अपनी दुकान बंद कर ऊपरी मंजिल पर परिवार के साथ खाना खा कर सो गए। आधी रात धुंआ उठता देख उनके होश उड़ गए। उठ कर देखा तो ग्राउंड फ्लोर पर दुकान में रखे कीमती कपड़े आदि धूं-धूं कर जल रहे थे। वह जोर-जोर से चिल्लाने लगे आस-पास के लोगों को फोन पर भी जानकारी दी। लोग बाहर निकले तो घर में लगी आग की लपटे देख कर सहम गये। परिवार के लोग आग से अपने आपको को घिरा देखकर पड़ोसी की छतों पर कूद कर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी लोगों ने फायर ब्रिगेड व पुलिस को दी सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड व पुलिस की टीम ने घंटों मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में रखे गए कपड़े फर्नीचर आदि जल कर राख हो गए थे। आग इतनी भयंकर थी की माकान की दीवारें भी चटक गई। दुकान व मकान में रखा सारा कीमती सामान राख हो गया। इस बाबत थानाध्यक्ष संतोष पाठक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो राहत व बचाव कार्य में जुट गई। दुकान मालिक दिव्यांशु सोनी के मुताबिक करीब 25लाख से अधिक का सामान जला है।


