- विभिन्न ऋण योजनाओं के माध्यम से दी जा रही आर्थिक सहायता
जौनपुर धारा, जौनपुर। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से बुधवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में एमएसएमई आउटरीच कैंप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र के उद्यमियों को वित्तीय सहायता प्रदान करना और उन्हें बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना है। कैम्प का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र्र सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी सीलम साईं तेजा एवं यूनियन बैंक के महाप्रबंधक मनोज कुमार ने किया। महाप्रबंधक ने इसमें बैंक द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी, महाप्रबंधक ने बताया कि बैंक द्वारा एमएसएमई सेक्टर को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न ऋण योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। जिलाधिकारी ने जनपद में ऋण जमा अनुपात के कम होने पर काफी चिंता व्यक्त की और यूनियन बैंक के सभी शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि सीएम युवा ऋण योजना की सफलता पर बल देते हुए इसे आसानी से जन जन तक पहुंचाने का कार्य करें। कार्यक्रम क्षेत्र प्रमुख शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि यूनियन बैंक एमएसएमई ग्राहकों को सुगम और तत्काल ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस कैंप में जौनपुर क्षेत्र के उप क्षेत्र प्रमुख सुबोध कुमार एवं अजय कुमार सहित सभी शाखा प्रमुख भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान कुल 250से ज्यादा लाभार्थियों को कुल 51करोड़ 52लाख रुपये के ऋण अनुमोदन पत्र वितरित किए गए। इससे छोटे और मध्यम स्तर के उद्यमियों को अपने व्यवसाय को विस्तार देने में सहायता मिलेगी। इस कैम्प में जिले के विभिन्न उद्योगपतियों, व्यापारियों और बैंक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।


