वेंटिलेटर पर रखकर इलाज के नाम पर रुपये लेने का आरोप, जांच की मांग
जौनपुर। नगर क्षेत्र के पॉलिटेक्निक चौराहे स्थित एक निजी अस्पताल में नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। अस्पताल में हंगामा करते परिजनों का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
परिजनों ने आशीर्वाद हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के डॉक्टर पर आरोप लगाया कि मृत नवजात को वेंटिलेटर पर रखकर इलाज के नाम पर रुपये लिए गए। उनका आरोप है कि प्रसव के दौरान पहले सामान्य डिलीवरी कराने का प्रयास किया गया।
परिजनों के मुताबिक, कई घंटे तक प्रसव के प्रयास के बाद गर्भवती महिला की हालत बिगड़ने पर ऑपरेशन किया गया और नवजात को बाहर निकाला गया। परिजनों का आरोप है कि नवजात की स्थिति पहले ही गंभीर थी, लेकिन उसे जीवित बताकर वेंटिलेटर पर रखा गया।
इसके बाद बच्चे को वाराणसी रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत बताया।
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित डॉक्टरों पर चिकित्सकीय लापरवाही एवं अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके लिए अस्पताल के चिकित्सकीय रिकॉर्ड, प्रसव संबंधी दस्तावेज और उपचार के दौरान की गई कार्रवाई की जांच महत्वपूर्ण होगी।
फिलहाल पीड़ित परिवार ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


