Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरजेल में भाइयों की सूनी कलाई पर बहनों ने बांधा रक्षासूत्र, छलकीं...

जेल में भाइयों की सूनी कलाई पर बहनों ने बांधा रक्षासूत्र, छलकीं आंखें

जौनपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर जिला कारागार में भावुक माहौल देखने को मिला। अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में बहनें जेल पहुंचने लगीं। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुलाकात के दौरान बहनों ने बंदी भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और उन्हें मिठाई खिलाकर लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान कई भाई-बहनों की आंखें नम हो गईं।

उपवास रखकर भाइयों से मिलने पहुंचीं बहनें

रक्षाबंधन के पर्व पर कई बहनें उपवास रखकर अपने भाइयों से मिलने जिला कारागार पहुंचीं। उन्हें जेल के बाहर मुलाकात के लिए इंतजार करना पड़ा। प्रवेश की अनुमति मिलने के बाद बहनों में भाइयों की कलाई पर राखी बांधने को लेकर उत्साह दिखाई दिया।

मुलाकात के दौरान लंबे समय बाद मिले भाई-बहनों के बीच भावुक दृश्य देखने को मिले। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं, भाइयों ने भी बहनों के प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया।

जेल प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था

जेल प्रशासन के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर कारागार में निरुद्ध बंदियों से मुलाकात के लिए तीन पालियों में व्यवस्था की गई थी। बहनों की सुविधा को देखते हुए कारागार प्रशासन की ओर से जेल परिसर में नि:शुल्क स्टॉल भी लगाया गया था।

स्टॉल पर राखी, रोली, चंदन, चावल, फूल, दीप और मिष्ठान की थाली उपलब्ध कराई गई थी। इससे बहनों को जेल के बाहर से इन सामानों की व्यवस्था करने में परेशानी नहीं हुई।

बहनों ने जेल प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की और इसके लिए धन्यवाद दिया। रक्षाबंधन के दिन जिला कारागार में भाई-बहन के रिश्ते की भावनात्मक तस्वीर देखने को मिली।