Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

E-Paper 03-11-2026

Jaunpur Dhara Epaper – जौनपुर धारा का आज का हिंदी ई-पेपरजौनपुर धारा ई-पेपर में आपका स्वागत है। यहां आप जौनपुर धारा हिंदी समाचार पत्र...
Homeअपना जौनपुरजौनपुर दूल्हा हत्याकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में 3 आरोपी घायल, 4...

जौनपुर दूल्हा हत्याकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में 3 आरोपी घायल, 4 गिरफ्तार

जौनपुर।
जनपद में 1 मई को हुई सनसनीखेज दूल्हा हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें तीन आरोपी घायल हो गए।

यह घटना सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मनेछा गांव के पास खेतासराय मार्ग पर हुई थी, जहां बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह अपने गांव बड़ऊर से बीबीपुर (खेतासराय) जा रहे थे।

रास्ते में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर शीशे तोड़े और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल दूल्हे की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में स्वाट टीम और खेतासराय, सरायख्वाजा, खुटहन व बदलापुर थानों की संयुक्त टीमों ने 4 मई को अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्याकांड पुरानी रंजिश और क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम था। आजमगढ़ निवासी प्रदीप बिंद को इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।


परिजनों का प्रदर्शन, न्याय की मांग

हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर 24 घंटे से अधिक समय तक प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रशासन के आश्वासन के बाद ही अंतिम संस्कार किया गया।


मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

खेतासराय और सरायख्वाजा पुलिस टीम सोंगर भटे के पास चेकिंग कर रही थी, तभी संदिग्ध बाइक सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में कुशल मिश्रा और अनितेश मिश्रा उर्फ अंकित मिश्रा घायल हो गए और गिरफ्तार कर लिए गए।

वहीं बदलापुर और खुटहन पुलिस ने सोंगर-भरेठी मार्ग पर मुठभेड़ के दौरान तीसरे आरोपी विकास यादव को घायल अवस्था में दबोच लिया। चौथे आरोपी अजय यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।


हथियार और वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी आरोपी हत्या के मामले में वांछित थे और इनके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।


इलाके में सुरक्षा कड़ी, जांच जारी

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस साजिश और अन्य सहयोगियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मुख्य साजिशकर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।