गली-मोहल्लों से लेकर प्रमुख सड़कों तक सुनाई दी मरहबा या मुस्तफा की सदा, जुलूस-ए-मोहम्मदी में उमड़ा जनसैलाब
जौनपुर। मजहबे इस्लाम के आखिरी पैगम्बर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की यौमे पैदाइश के अवसर पर जश्ने ईद मिलादुन्नबी अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। इस मौके पर शाम को आयोजित जुलूस-ए-मोहम्मदी में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।
असर की नमाज के बाद शाही ईदगाह से जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान शहर में मेले जैसा माहौल रहा। विभिन्न स्थानों पर दुकानें सजी रहीं, जहां लोगों ने खरीदारी की।
जुलूस में गूंजी नाते नबी की सदा
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर पूरे शहर में मरहबा या मुस्तफा की सदा सुनाई देती रही। जुलूस के साथ चल रही विभिन्न अंजुमनें नाते नबी गुनगुनाती रहीं।
ओलंदगंज, शाहीपुल, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा और अलफस्टीनगंज होते हुए जुलूस अटाला मस्जिद पहुंचा। इसमें युवक, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
अखाड़ों ने दिखाए एक से बढ़कर एक करतब
जुलूस में शामिल विभिन्न अखाड़ों के उस्तादों और समिति पदाधिकारियों का सामाजिक संगठनों की ओर से जगह-जगह अल्पहार और शीतल पेय से स्वागत किया गया।
अखाड़ों के सदस्यों ने विभिन्न करतब प्रस्तुत किए, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। जुलूस में शामिल अंजुमनों और अखाड़ों को विभिन्न स्थानों पर सम्मानित भी किया गया।
कोतवाली चौराहे पर हुआ मुख्य समारोह
जश्ने ईद मिलादुन्नबी का मुख्य समारोह कोतवाली चौराहे पर आयोजित किया गया। यहां विभिन्न वर्गों के लोगों ने एक मंच से जनपद सहित पूरे देश में अमन और खुशहाली की अपील की।
मरकजी सीरत कमेटी की ओर से अंजुमनों और अखाड़ों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सजावट और दुकानों ने बढ़ाई बाजार की रौनक
जुलूस के अवसर पर शहर के प्रमुख मार्गों और मस्जिदों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। अटाला मस्जिद, बड़ी मस्जिद और शेर मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों पर भव्य सजावट की गई थी।
अटाला मस्जिद के आसपास विभिन्न प्रकार के व्यंजनों की दुकानें लगी थीं। बच्चों और महिलाओं के लिए भी अलग-अलग दुकानें सजाई गई थीं। रात तक दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही।
आसपास के जिलों से भी पहुंचे लोग
जुलूस-ए-मोहम्मदी में शामिल होने के लिए जौनपुर के अलावा आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जुलूस के दौरान अंजुमनें नाते नबी पढ़ती हुई आगे बढ़ती रहीं।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था रही चाक-चौबंद
जुलूस को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। जगह-जगह महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
शहर कोतवाल अनीता सिंह सहित पुलिसकर्मी लगातार भ्रमण करते रहे। डीएम और एसएसपी भी अधिकारियों से जानकारी लेकर जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे।
यातायात प्रभारी सुशील मिश्रा अपनी टीम के साथ विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे।


