जौनपुर धारा,जौनपुर। दीवानी न्यायालय परिसर से पेशी के दौरान शुक्रवार को पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हुए सपा के सभासद रहे बाला लखंदर यादव हत्याकांड में आरोपित शूटर जयदीप प्रकाश गायकवाड़ का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जेल में निरुद्ध रहने के दौरान उससे मुलाकात करने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दो टीमें उसकी तलाश में महाराष्ट्र रवाना हो गई हैं। फरार जयदीप प्रकाश गायकवाड़ की गिरफ्तारी को गठित पुलिस टीमें शनिवार को सभी संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मुंबई की तरफ जाने वाली ट्रेनों की गहन तलाशी करती रही। इसके साथ ही विभिन्न थानों की पुलिस भी जयदीप प्रकाश गायकवाड़ की सुराग पतारसी में जुटी हैं। जिला कारागार में निरुद्ध रहने के दौरान जयदीप प्रकाश गायकवाड़ से मुलाकात करने वालों की गतिविधियों पर भी पुलिस बारीकी से नजर रखे हुए है। उसे बाइक पर बैठाकर भागने वाले को चिह्नित करने के लिए पुलिस टीमें न्यायालय परिसर के आसपास व रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस उच्चाधिकारी महाराष्ट्र पुलिस से भी लगातार संपर्क बनाकर उससे संबंधित जरूरी सूचनाओं का आदान-प्रदान कर रहे हैं। बता दें, 21 फरवरी 2021 की रात करीब आठ बजे सिटी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर टहलते समय बाला लखंदर यादव की गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने 10 फरवरी 2021 को लाइन बाजार के सैदनपुर निवासी ओमचंद्र गुप्त, उमेश गोंड़, मड़ियाहूं के रामपुर नद्दी निवासी रितेश सिंह व महाराष्ट्र के शोलापुर के पंडरपुर निवासी जयदीप प्रकाश गायकवाड़ को गिरफ्तार कर हत्याकांड का राजफाश किया था।
― Advertisement ―
Jaunpur Dhara News : पुलिस कस्टडी से भागे हत्या के आरोपी का दूसरे दिन भी नहीं लगा सुराग



