गर्दन पर लगाए गए थे 10 टांके, हालत में सुधार के बाद मिली छुट्टी
जौनपुर। चाइनीज मांझे से गर्दन में गंभीर चोट लगने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती खालिद अहमद उर्फ सब्बू को उपचार के बाद गुरुवार को डिस्चार्ज कर दिया गया। हालत में सुधार होने पर उन्होंने वरिष्ठ सर्जन डॉ. सैफ हुसैन खान और उनकी चिकित्सा टीम के प्रति आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, रविवार को रसीदाबाद क्षेत्र में बाइक से जाते समय चाइनीज मांझा खालिद की गर्दन में फंस गया था। इससे उनकी गर्दन में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तत्काल उपचार शुरू किया गया।
जिला अस्पताल में वरिष्ठ सर्जन डॉ. सैफ हुसैन खान की टीम ने उनकी गर्दन पर 10 टांके लगाए। इसके बाद चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार जारी रहा। हालत में सुधार होने पर गुरुवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
खालिद अहमद ने समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए डॉक्टर और उनकी पूरी टीम का धन्यवाद किया। अस्पताल से डिस्चार्ज करते समय उन्हें दवाओं के सेवन और जरूरी सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
चाइनीज मांझे से होने वाली ऐसी घटनाएं दोपहिया वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं। सड़क पर चलते समय मांझे की चपेट में आने से गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगने की आशंका रहती है।


