Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरICC रैंकिंग में ईशान किशन का तूफान, लगाई 117 पायदान की छलांग

ICC रैंकिंग में ईशान किशन का तूफान, लगाई 117 पायदान की छलांग

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने बुधवार को प्लेयर्स की ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारतीय स्टार बल्लेबाज ईशान किशन ने धमाल मचा दिया है। ईशान ने वनडे प्लेयर्स की रैंकिंग में 117 पायदान की लंबी छलांग लगाई है, साथ ही पूर्व कप्तान विराट कोहली को भी फायदा हुआ और वह टॉप-10 में वापस पहुंच गए हैं। दरअसल, ईशान किशन ने हाल ही में बांग्लादेश दौरे पर वनडे क्रिकेट में डबल सेंचुरी लगाई थी। उन्होंने 131 बॉल पर 210 रनों की पारी खेली थी। इस पारी का ईशान को रैंकिंग में बम्पर फायदा हुआ। उन्होंने 117 पायदान की छलांग लगाई और अब 37वें नंबर पर पहुंच गए हैं। इसी वनडे मैच में विराट कोहली ने भी शानदार शतक जमाया था। उन्होंने 91 बॉल पर 113 रनों की पारी खेली थी। इससे कोहली को भी रैंकिंग में तीन पायदान का फायदा हुआ है। कोहली फिर से टॉप-10 में एंट्री की और अब 8वें नंबर पर पहुंच गए हैं। कोहली-ईशान के अलावा श्रेयस अय्यर, शिखर धवन, रोहित शर्मा और केएल राहुल को रैंकिंग में नुकसान झेलना पड़ा है। श्रेयस अय्यर ने दूसरे वनडे में 82 रनों की पारी खेली थी। इसके दम पर वह 15वें नंबर पर पहुंचे थे। मगर अब 17वें पायदान पर फिसल गए हैं। जबकि शिखर धवन तीन पायदान फिसलकर 22वें नंबर पर आ गए हैं। जबकि कप्तान रोहित शर्मा को दो स्थान का नुकसान हुआ। वह 9वें नंबर पर आ गए हैं, केएल राहुल भी दो पायदान फिसलकर 39वें नंबर पर आ गए हैं। बल्लेबाजों की टॉप-10 रैंकिंग में दो ही भारतीय विराट कोहली और रोहित शर्मा हैं। जबकि पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम टॉप पर काबिज हैं। वनडे फॉर्मेट के टॉप-10 गेंदबाजों और ऑलराउंडर्स की लिस्ट में एक भी भारतीय खिलाड़ी नहीं है। स्पिनर कुलदीप यादव को 6 पायदान का फायदा हुआ है।