Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरहोमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम की बैठक, निष्पक्ष व पारदर्शी व्यवस्था...

होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम की बैठक, निष्पक्ष व पारदर्शी व्यवस्था के निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए कार्यशाला आयोजित कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बताया गया कि लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को प्रत्येक दिन दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संपन्न कराई जाएगी।

जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रत्येक पाली में लगभग 8400 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक और परीक्षा सहायकों की नियुक्ति भी कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

बैठक में गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन, बायोमेट्रिक सत्यापन, अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग समेत अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहें और परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कक्ष निरीक्षकों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों को दिए गए ओएमआर शीट और प्रश्नपत्र के क्रमांक का मिलान अवश्य करा लें। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के प्रयोग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।