Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरजौनपुर औद्योगिक विकास व स्वरोजगार पर जोर, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

जौनपुर औद्योगिक विकास व स्वरोजगार पर जोर, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में औद्योगिक विकास, स्वरोजगार सृजन और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक की शुरुआत पिछली कार्यवाही की पुष्टि और उसके अनुपालन की समीक्षा से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत बैंक शाखाओं द्वारा अप्रैल 2026 तक किए गए ऋण वितरण की समीक्षा की गई, जिसमें जनपद की प्रगति संतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण परीक्षण कर उन्हें शीघ्र स्वीकृत किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत भी ऋण वितरण की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर उन्हें बैंकों को भेजा जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में उद्यमियों की समस्याएं सुनते हुए उनके त्वरित निस्तारण पर जोर दिया गया। औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के तहत रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने तथा इंटरलॉकिंग व अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

सीडा औद्योगिक क्षेत्र में आवासीय विकास और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का वास्तविक आकलन कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में उद्योगों को बढ़ावा देकर निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि की जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, संबंधित अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और उद्यमी उपस्थित रहे।