शारदीय नवरात्र महोत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर सदस्यों ने दिए सुझाव
जौनपुर। रचनात्मक एवं सामाजिक परिवार गीतांजलि जौनपुर की ओर से स्वर्ण जयंती वर्ष के 50वें शक्ति पूजन पर्व की तैयारियों को लेकर बाबा श्री जागेश्वर नाथ मंदिर स्थित गीतांजलि पूजा मंडप में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के सदस्य संतोष कुमार अग्रहरी ने की।
बैठक में आगामी शारदीय नवरात्र महोत्सव के दौरान पूजन मंडप, शोभायात्रा और विद्युत सजावट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर सदस्यों ने अपने सुझाव दिए। संस्था की ओर से इस वर्ष 50वें शक्ति पूजन पर्व को विशेष रूप देने की तैयारी की जा रही है। इसे लेकर सदस्यों के बीच विचार-विमर्श हुआ।
परिवार के कोषाध्यक्ष पवन सोनी ने बैठक में आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान गीतांजलि परिवार में तीन नए सदस्यों का स्वागत भी किया गया। इनमें हनुमान घाट निवासी अधिवक्ता सनी शर्मा, सिद्धिकपुर निवासी धीरेंद्र सिंह चौहान और सब्जी बाजार निवासी अभिषेक सेठ गोल्डी शामिल रहे। पदाधिकारियों ने माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया।
संस्था अध्यक्ष नीरज शाह ने सभी पदाधिकारियों और नए सदस्यों का अभिनंदन किया। मार्गदर्शक मंडल के सदस्य चंद्र प्रताप सोनी और शशि श्रीवास्तव के साथ पूर्व अध्यक्ष डॉ. ब्रह्मेश शुक्ला, गौतम सोनी और राम प्रताप सोनी ने भी नवरात्र महोत्सव की तैयारियों को लेकर सुझाव दिए।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश सोनी, सुरेश चंद गुप्ता, रमेश चंद पांडेय, प्रमोद कुमार गुप्ता, सुनील कुमार शाह, धर्मसेन सिंह, अमन सहगल, अशोक मौर्य, अमित सोनी, दिवेश साहू, संदीप सोनी, अमित सैनी, रूपनारायण माली, धनंजय पाठक, रमन सेठ, कदम साहू, उत्कर्ष शाह, संतोष साहू, विनय सोनी, प्रदीप साहू सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
बैठक का संचालन परिवार के महासचिव रामानंद विश्वकर्मा ने किया। अंत में संस्था के वरिष्ठ सदस्य डॉ. प्रेम दर्शन विश्वकर्मा की माता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।


