वाराणसी। सिद्धगिरि बाग स्थित बागेश्वरी देवी ठुमरी अकादमी के सभागार में रविवार को स्वरांगना ललित कला केन्द्र की ओर से संगीत संध्या ‘आप की महफिल’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गायिका विदुषी वर्मा ने उपशास्त्रीय गायन की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
विदुषी वर्मा ने कार्यक्रम की शुरुआत ठुमरी साम्राज्ञी बागेश्वरी देवी की प्रसिद्ध ठुमरी ‘लागी नजरिया के बान’ से की। इसके बाद उन्होंने ‘सजनवा सावन बीता जाये’, ‘बोलत काग अँगनवा’, ‘भीगी जाऊँ मैं गुइया’, ‘दयार-ए-दिल की रात में’ और ‘दिल धड़कने का सबब’ जैसी रचनाएं प्रस्तुत कीं।
प्रस्तुतियों के दौरान श्रोताओं ने संगीत का आनंद लिया। कार्यक्रम का समापन भजन ‘रंगीली घनघोर छे’ से हुआ।
गायन में तबले पर श्रीकांत मिश्रा, हारमोनियम पर ओम प्रकाश पांडेय और साइड रिदम पर संजय कुमार श्रीवास्तव ने संगत की।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के संयोजक प्रफुल्ल चन्द्र राय ने विदुषी वर्मा को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन संस्था के सचिव सुरेंद्र मिश्रा ‘शीलू’ ने किया।


