सिकरारा। मछलीशहर तहसील क्षेत्र के पत्रकारों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित एक गरिमामय समारोह में भाजपा के युवा नेता धर्मेंद्र सरोज ने पत्रकारों को डायरी, पेन, गमछा, बैग एवं हेलमेट भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों के साथ क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र सरोज ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। वे आंधी, तूफान, बारिश और भीषण गर्मी जैसी विपरीत परिस्थितियों में भी क्षेत्र में पहुंचकर समाचारों का संकलन करते हैं तथा जनता की समस्याओं और जनभावनाओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर कमला हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. आर.बी. चौहान ने कहा कि ग्रामीण अंचलों के पत्रकार कई बार अपनी जान जोखिम में डालकर जनसमस्याओं को उजागर करते हैं। सीमित संसाधनों और पर्याप्त सहयोग के अभाव के बावजूद वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं, जो सराहनीय है।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में धर्मेंद्र सरोज ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने संकेत दिया कि वे भविष्य में मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की रणनीति पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो क्षेत्र में ऐसे विकास कार्य कराए जाएंगे, जो अब तक नहीं हो सके हैं।
कार्यक्रम के समापन पर पत्रकारों ने सम्मान के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। वहीं क्षेत्र में धर्मेंद्र सरोज की सक्रियता को लेकर युवाओं और स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।


