जौनपुर। लखनऊ में हालिया कोचिंग अग्निकांड के बाद जौनपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।
सबसे गंभीर स्थिति दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट में पाई गई, जहां अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन निकास व्यवस्था में कमियां मिलने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने भारत लाइब्रेरी, दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट एवं सक्सेस पाठशाला का निरीक्षण कर एंट्री-एग्जिट व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, फायर अलार्म सिस्टम और आपातकालीन निकास मार्गों की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट में इलेक्ट्रिकल वायरिंग, कंट्रोल प्वाइंट और फायर सेफ्टी से जुड़ी कई खामियां सामने आईं। इसके अलावा संस्थान का मुख्य मार्ग बेसमेंट से होकर तीसरी मंजिल तक जाता पाया गया, जिसे किसी भी आपात स्थिति में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना गया।
दृष्टि आईएएस को जवाब देने का निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में अध्ययनरत छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए तत्काल कोई कठोर कदम नहीं उठाया जा रहा है। हालांकि संस्थान से यह स्पष्ट करने के लिए जवाब मांगा जाएगा कि वह किन मानकों के आधार पर संचालित हो रहा है और सुरक्षा व्यवस्था कैसे सुनिश्चित की गई है।
सक्सेस पाठशाला की व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक
निरीक्षण के दौरान सक्सेस पाठशाला में अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। वहां दो निकास द्वार, आपातकालीन मार्ग, फायर सुरक्षा उपकरण और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध मिले। फायर फाइटिंग सिस्टम का परीक्षण भी कराया गया, जो पूरी तरह कार्यशील पाया गया।
भारत लाइब्रेरी में भी मिलीं कमियां
भारत लाइब्रेरी में भी कुछ सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आईं, जिस पर संचालकों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संस्थानों को समय-समय पर अग्निशमन यंत्रों का नवीनीकरण कराना होगा तथा विद्युत आग से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में सीओ-2 आधारित अग्निशामक यंत्र रखने होंगे।
सभी तहसीलों में चलेगा निरीक्षण अभियान
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी तहसीलों में संचालित कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और छात्रावासों का नियमित निरीक्षण किया जाए। बिना अनुमति या सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना संचालित संस्थानों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाए तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाए।


