जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र स्थित प्रयागराज-गोरखपुर राजमार्ग को विशेष मरम्मत के तहत सुधारा जाएगा। इसमें कुल 70लाख 28हजार रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसकी स्वीकृति शासन से मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इस मार्ग की मरम्मत होने के बाद 50हजार से अधिक लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा।
प्रयागराज-गोरखपुर राजमार्ग पर प्रतिदिन 50हजार से अधिक लोगों का आवागमन होता है। मार्ग बदहाल होने से राहगीरों को आवागमन के दौरान हादसे का डर बना रहता है। सबसे ज्यादा दिक्कतें बारिश के समय होती हैं। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन और दुश्वार हो जाता है। लोक निर्माण विभाग की ओर से बीते महीने करीब दो किलोमीटर मार्ग क्षतिग्रस्त मार्ग को चिह्नित कर प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा गया था, जिसकी स्वीकृति मिल गई है। इस मार्ग के निर्माण में कुल 70लाख 28हजार खर्च किया जाएगा, जिसकी पहली किस्त 24लाख 59हजार रुपये जारी कर दिए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया चल रही है। एक सप्ताह में कार्य शुरू करा दिया जाएगा। अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग विशाल सिंह ने बताया कि प्रयागराज-गोरखपुर राजमार्ग को विशेष मरम्मत के तहत सुधारा जाएगा, जिसकी स्वीकृति मिल गई है।
16वीं पुण्यतिथि पर अस्पताल में किया फलों का वितरण
जौनपुर। होली चाइल्ड अकादमी के प्रबंधक डॉ.अशोक सिंह की स्व.मां मतराजी सिंह की 16वीं पुण्यतिथि पर जिला महिला अस्पताल में धर्म पत्नी नीलम सिंह प्रधानाचार्य के साथ मरीजों तथा असहाय गरीब लोगों को कम्बल तथा फल वितरण किया गया। इस सम्बन्ध में उन्होंने कहा कि इस पुनीत अवसर पर लोगों की मदद कर के उन्हें अत्यंत खुशी होती हैं और आगे इसी तरह लोगों की मदद करते रहेंगे। मौके पर सीएमएस महिला महेन्द्र गुप्ता, ची$फ फार्मासिस्ट डॉ.उपेंद्र प्रताप सिंह, फार्मासिस्ट अरविंद सिंह, अजय सिंह, रूपेश वर्मा, अनिल कन्नौजिया, लाल बहादुर, आनंद सिंह मौजूद रहे।
जिले समूह की 72,286 महिलाएं बनेंगी लखपति दीदी
जौनपुर। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सिलाई-कढ़ाई में दक्ष समूह की महिलाएं मास्टर ट्रेनर बनकर ग्रामीण क्षेत्र की अन्य महिलाओं को हुनरमंद करेंगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की ओर से इसकी विस्तृत रूपरेखा बनाई गई है।
समूह की 72 हजार 286 महिलाओं को लखपति दीदी बनने के लिए तराशा जाएगा। पहले चरण में समूह की 858 महिलाओं को ट्रेनिंग देकर दक्ष बना दिया गया है, जिसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा। इसके लिए कुल 29 बैच बनाए गए हैं। प्रत्येक में 30 महिलाएं होंगी। इस पहल से गांव की महिलाएं आर्थिक रूप से समृद्ध तो बनेंगी हीं उनमे आत्मविश्वास भी जागेगा। एनआरएलएम की ओर से लखपति दीदी की कड़ी को आगे बढ़ाने के लिए 858 महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकीं यह महिलाएं अब मास्टर ट्रेनर बन समूह की अन्य महिलाओं को हुनरमंद बनाएंगी। उन्हें यह बताया जाएगा कि किस तरह के कार्य कर वह अपनी आय बढ़ा सकती हैं। गांवों में समूहों को मजबूत कर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाए जाने के कई प्रोजेक्ट पर कार्य किया जा रहा है। इसे लेकर सबसे अधिक जोर ब्लॉकों में समूह गठन को दिया जा रहा है। मौजूदा समय में जिले में स्वयं सहायता समूहों की संख्या 18 हजार से अधिक है, जिससे तकरीबन पौने दो लाख महिलाएं जुड़ी हैं। उपायुक्त एनआरएलएम जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि लखपति दीदी के तहत समूह में शामिल महिलाओं को इस कदर बनाया जाना है कि वह महीने में दस से 12 हजार आय अर्जित कर सकें। गांव की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए यह सरकार की बहुत ही महत्वपूर्ण योजना है, जिसपर संजीदगी से कार्य किया जा रहा है।
मनरेगा खत्म कर गरीबों का हक छीन रही है मोदी सरकार : डा.प्रमोद कुमार सिंह
जौनपुर। केन्द्र की मोदी सरकार पूंजीपतियों के इशारे पर मनरेगा कानून को खत्म कर गरीबों की रोजी रोटी छीनने का काम कर रही है, कांग्रेस पार्टी मोदी और संघ के इस साजिश को सफल होने नहीं देगी। उक्त बातें कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ.प्रमोद कुमार सिंह ने रविवार को मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत शहर के एक होटल में प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ.प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि मनरेगा सिर्फ कानून ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबों, मजदूरों और महिलाओं को गांव में ही रोजगार देने में क्रांतिकारी साबित हुआ था। प्रमोद सिंह ने कहा कि संघ और भाजपा को गांधी नाम से समस्या है, इसलिए संघ की मानसिकता वाली मोदी सरकार बार बार गांधी पर हमला करती रहती है, गांधी का नाम मिटाने के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का नाम बदल रही है। मनरेगा डॉ.मनमोहन सिंह की सरकार द्वारा बनायी गयी एक ऐसी योजना थी जो ग्रामीण क्षेत्र के मजदूरों को गारंटी के तहत रोजगार उपलब्ध कराती थी, किंतु मोदी सरकार गरीबों की गाऱटी को छीनकर उनके हक और अधिकार पर डाका डाल रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ.प्रमोद कुमार सिंह ने सरकार पर आरोप लगाया कि नये कानून से ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों का पलायन होगा। जिनका शोषण मोदी के उद्योगपती मित्र करेंगे, बात ही जी रामजी योजना में सरकार भेदभाव करेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में ठेकेदारी प्रथा बढ़ जायेगी। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान तथा मनरेगा बचाओ संग्राम के कोआर्डिनेटर डॉ.राकेश मिश्रा मंगला गुरु ने भी संबोधित किया। इस मौके पर प्रदेश सचिव पंकज सोनकर, संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा, शैलेन्द्र यादव, ललित चौरसिया, धीरज उपाध्याय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
जेल से छूटते ही शक्ति प्रदर्शन पड़ा भारी, प्रधान समेत चार गिरफ्तार
जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के किरतापुर गांव में ग्राम प्रधान के जेल से बाहर आने के बाद निकाले गए विजय जुलूस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में जुलूस के दौरान नारेबाजी के साथ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का आरोप है। हालांकि शिराज ए हिंद डॉट कॉम इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
जानकारी के अनुसार किरतापुर गांव के प्रधान विनोद यादव पुत्र स्वर्गीय सीताराम यादव एक गंभीर मारपीट के मामले में लगभग एक वर्ष पूर्व जेल गए थे। शुक्रवार को उन्हें संबंधित मामले में जमानत मिल गई, जिसके बाद वे जेल से रिहा हुए। रिहाई के बाद उनके समर्थकों ने बाइक जुलूस निकालते हुए उन्हें गांव तक पहुंचाया, जिसे विजय जुलूस का रूप दे दिया गया। बताया जा रहा है कि जुलूस के दौरान न केवल तेज नारेबाजी की गई, बल्कि कथित रूप से विपक्ष को लेकर अपशब्दों का भी प्रयोग किया गया। इस पूरी घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। वायरल वीडियो के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान विनोद यादव सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में अंशुमान यादव, अनुराग यादव तथा अमित यादव पुत्र वीरेंद्र यादव शामिल हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि जमानत पर बाहर आने के बाद विजय जुलूस निकाला गया था, जिसमें नारेबाजी के साथ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। उन्होंने बताया कि मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान न्यायालय भेज दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है।

