जौनपुर। हसरौली ग्राम पंचायत में 60मीटर लम्बी नाली के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है। प्रधान चंदन उर्फ सोनू सिंह ने इस बहुप्रतीक्षित परियोजना की शुरुआत की। यह नाली कहार बस्ती से मुस्लिम बस्ती तक बनाई जाएगी, जिससे लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की गंभीर समस्या का समाधान होगा।
इस निर्माण से दोनों बस्तियों के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। बरसात के मौसम में और सामान्य दिनों में भी जलजमाव के कारण यहां के लोगों को आवागमन और स्वच्छता संबंधी कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। प्रधान चंदन उर्फ सोनू सिंह ने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर कार्य का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर प्रधान सोनू सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा और उनकी मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस 60मीटर लम्बी नाली के निर्माण से कहार और मुस्लिम बस्ती दोनों क्षेत्रों में पानी की उचित निकासी सुनिश्चित होगी, जिससे गंदगी और बीमारी फैलने का खतरा कम होगा। स्थानीय निवासियों ने इस पहल के लिए प्रधान चंदन उर्फ सोनू सिंह का आभार व्यक्त किया है। उनका मानना है कि इस नाली के बन जाने से उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा और आवागमन भी सुगम होगा।
जौनपुर की बेटी ने रचा इतिहास, अजमेर में मिला द वूमेन प्राइड अवार्ड
जौनपुर। तेजीबाजार थाना क्षेत्र के चितौड़ी गांव की 24वर्षीय खुशी जायसवाल ने अपनी मेहनत, लगन और मजबूत इरादों से जनपद का मान बढ़ा दिया है। राजस्थान के अजमेर में आयोजित तीन दिवसीय गेम चेंजर ग्रुप के लीडरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम में खुशी को महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन में विशिष्ट योगदान के लिए ‘द वूमेन प्राइड अवार्डÓ से सम्मानित किया गया। इस आयोजन में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
खुशी ने न सिर्फ यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीता, बल्कि गेम चेंजर ग्रुप की व्यवसायिक संरचना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर लेवल हासिल किया, जिसके लिए उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही आधुनिक डिजिटल क्षेत्र में फेसबुक एड सर्विस में उनके बेहतरीन कार्यों के लिए भी उन्हें अतिरिक्त पुरस्कार मिला। एक साथ तीन सम्मान पाकर खुशी भावुक हो उठीं। खुशी अपने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरु धीरेंद्र सिंह को देती हैं। साधारण परिवार से आने वाली खुशी ने अपनी प्रारंभिक से लेकर उच्च शिक्षा गांव के ही विद्यालयों में पूरी की है। वर्तमान में वे उमा नाथ लॉ कॉलेज, जौनपुर से विधि की पढ़ाई कर रही हैं। उनके पिता राजस्व विभाग में कार्यरत हैं, जबकि माता गृहणी हैं। उनके एक बड़े भाई और एक बड़ी बहन भी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण एवं महिला स्वावलंबन अभियान से प्रेरित होकर खुशी पिछले तीन वर्षों से महिलाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रही हैं। अब तक वे लगभग 275 महिलाओं और कुछ पुरुषों को भी डिजिटल रूप से प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार योग्य बना चुकी हैं। खुशी जायसवाल की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है।
निमंत्रण से लौट रहे पंडित अवधेश चतुर्वेदी की कार दुर्घटना में मौत
जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बाई पास पर वैगनआर कार से टकराकर घायल स्कूटी सवार की मौत हो गई।
बताते हैं कि नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आलमगंज निवासी पंडित अवधेश चतुर्वेदी उम्र लगभग 52 वर्ष शुक्रवार के दिन एक निमंत्रण करने के लिए मड़ियाहूं गए हुए थे। दिन के लगभग 3:00 बजे वह अपनी स्कूटी से निमंत्रण करके वापस लौट रहे थे। जब वह बाईपास के पास से गुजर रहे थे तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया जिससे वह अपनी स्कूटी से छटक कर दूर जा गिरे। स्थानीय लोग ने उन्हें उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए जहां गंभीर को लगने के कारण चिकित्सक द्वारा बेहतर उपचार हेतु जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर हालात काबू में न होने के कारण उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर किया गया। वाराणसी ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जैसे ही यह खबर उनके घर पहुंची तब वहां कोहराम मच गया। पंडित अवधेश चतुर्वेदी गीतांजलि संस्था समेत कई सामाजिक संस्थाओं से इनका विशेष लगाव रहा है। उनके शुभचिंतकों की भीड़ जिला चिकित्सालय में देर रात तक जुटी हुई थी। सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर जौहरी सहित तमाम लोग मौके पर पहुंच गए और गहरा दुख व्यक्त किया है।
कीचड़ में गिरने से कम नहीं होती हीरे की कीमत : डॉ.जयसिंह
जौनपुर। गौराबादशाहपुर क्षेत्र के ग्रामसभा परौवां के हनुमान मंदिर प्रांगण में इंद्रमणि सिंह द्वारा आयोजित पुस्तक पेन वितरण, शिक्षा एवं स्वाभिमान जागरूकता अभियान के तहत क्षत्रिय विकास संस्था के प्रदेश प्रभारी डॉ.जयसिंह राजपूत ने कहा कि कीचड़ में गिर जाने से हीरे की कीमत कम नहीं होती, क्योंकि जब भी वह कीचड़ से निकलेगा तो असल में हीरा ही निकलेगा कीचड़ नहीं। ठीक उसी प्रकार आपके गौरवशाली इतिहास एवं पराक्रमी पूर्वजों की कहानी यह बयां करती है कि आप उस महान चक्रवर्ती वीर शिरोमणि क्षत्रिय सम्राट पृथ्वीराज चौहान की वंशज हैं। जिन्होंने स्वाभिमान और सम्मान से समझौता नहीं किया। सर कटाना मंजूर था लेकिन सर झुकाना मंजूर नहीं था। अब समय आ गया है। अपने पूर्वजों के बलिदान एवं पराक्रम की कहानी को याद कीजिये और फिर से इतिहास के सुनहरे पन्नों में अपने शौर्य एवं पराक्रम की गाथा को दर्ज कराने हेतु चिर निद्रा से बाहर आइये तभी सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा हो सकती है। इस अवसर पर अर्पिता राजपूत, अनुराग सिंह, श्रेया सिंह चौहान, शारदा देवी, सेवा लाल परिहार, विनीत राजपूत सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
नारद की मोह लीला देख भावविभोर हुए श्रद्धालु
शाहगंज। नगर की ऐतिहासिक श्रीराम लीला के तत्वाधान में अगहन माह की छह दिवसीय धनुष यज्ञ की लीला मंचन का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। मंचन आदर्श रासेश्वरी रामलीला मंडली वृंदावन के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई।
लीला देख श्रोतागण भावविभोर हो उठे। नगर के गांधीनगर कलेक्टरगंज स्थित रामलीला मंच पर शुक्रवार की देर शाम धनुष यज्ञ की लीला मंचन में उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा प्रभु की आरती की गई। उसके बाद मंडली के कलाकारों ने नारद मोह की लीला का मंचन किया। जिसमें देवर्षि नारद ने घोर तपस्या की। काम-क्रोध पर विजय प्राप्त कर लेने का अभिमान लिए नारद जी श्रीनगर पहुंचे। जहां की राजकुमारी की सुंदरता देख मोहित हो बैठे। जिसके साथ ही देवर्षि नारद का काम पर विजय प्राप्त कर लेने का भ्रम टूट गया। मोहभंग की लीला संपन्न होने के बाद शयन आरती के साथ ही प्रथम दिवस की लीला संपन्न हुई। इस बीच श्रोताओं के जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान रहा।
साधन सहकारी समितियों पर यूरिया नहीं, किसान परेशान
जौनपुर। बदलापुर क्षेत्र की साधन सहकारी समितियों पर बीते कई महीनों से यूरिया की उपलब्धता न होने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान गेंहू, बरसीन, आलू की फसलों में खाद के लिए समितियों का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि समय से खाद न मिलने पर गेहूं, सरसों समेत अन्य रबी की फसलों की बुआई प्रभावित हो रही हैं। श्रीपति, रमेशचन्द्र दुबे, राजेश, जितेंद्र यादव, अच्छेलाल सहित कई किसानों ने आरोप लगाया कि बाजार में यूरिया निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर मिल रही हैं। इस संबंध में एडीओ कोऑपरेटिव एनपी यादव ने बताया कि सरोखनपुर व महमदपुर गुलरा समिति पर यूरिया पहुंच चुकी है। जिला मुख्यालय पर यूरिया उपलब्ध है। एक दो दिनों में फत्तूपुर, रजनीपुर, घनश्यामपुर, तियरा, केवटली कला सहित अन्य समितियों पर यूरिया की आपूर्ति हो जाएगी।
रिटायर्ड सेना कर्मी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, छाया मातम
जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के उमरवार गांव में निमंत्रण से लौट रहे एक सेवानिवृत्त सेना कर्मी की शुक्रवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। रात करीब 8बजे घर से कुछ दूरी पहले उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गहरे खेत के गड्ढे में गिर गई।
बाइक उनके ऊपर गिरने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। लगभग डेढ़ घंटे बाद परिजन खोजबीन करते हुए मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें मृत अवस्था में पाया गया। बरइछ गांव के 62वर्षीय शोभनाथ यादव पुत्र स्व.शित्तन यादव शुक्रवार शाम उमरवार गांव में भत्तवान के निमंत्रण में गए थे। लौटते समय किसी कारणवश उनकी बाइक गड्ढे में जा गिरी। देर तक घर न पहुंचने पर परिजन फोन करते रहे, लेकिन फोन न उठने पर खोज शुरू हुई। मोबाइल की घंटी खेत के गहरे गड्ढे से आती सुनाई दी, तो परिजनों ने उन्हें बाइक के नीचे दबा पाया। पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शोभनाथ यादव करीब 15वर्ष पूर्व सेना की गढ़वाल रेजीमेंट में क्लर्क के पद से रिटायर हुए थे। उनके दो पुत्र हैं-बड़े पुत्र सुनील कुमार यादव आसाम राइफल्स में तैनात हैं, जबकि छोटे पुत्र पंकज यादव दुबई में निजी नौकरी करते हैं। घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर है। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

