- सड़क दुर्घटना में दो घायल
जौनपुर धारा, सुजानगंज। क्षेत्र के बरईपार मोड़ पर कार और बाइक के टक्कर से दो लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार इटहा निवासी शैलेश पाठक पुत्र मुकेश पाठक तथा देवेंद्र पाठक स्कूटी से सुजानगंज की तरफ आ रहे थे तभी सुजानगंज से मछलीशहर जा रहे एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी जिससे दोनो बुरी तरह घायल हो गये। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनको जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शैलेश पाठक के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि देवेंद्र पाठक के पैर में चोट आई है।
- छेड़छाड़ के आरोपित दो युवकों का पुलिस ने किया चालान
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत एक गांव निवासी किशोरी के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ कर रहे दो युवकों को पीड़ित की मां की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया।
क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की सुबह रिश्तेदारी से आए दो युवकों ने नाबालिग किशोरी को घर में अकेला देखकर छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। किशोरी के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे गांव के लोगों ने दोनों युवकों पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने लाइ। पीड़िता के मां की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया। आरोपित आजमगढ़ जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के पूरारामजी गांव निवासी 23 वर्षीय विपिन कुमार गौतम पुत्र रमेश चंद्र गौतम व उक्त गांव निवासी 28 वर्षीय अनुराग गौतम पुत्र पुत्र राम बचन गौतम को गिरफ्तार कर चालान भेजा गया है।
- बाइक की टक्कर में तीन घायल
जौनपुर धारा, जफराबाद। क्षेत्र के हुंसेपुर बाजार में रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गयी जिसमें तीन लोग घायल हो गए। केराकत के विजईपुर गाँव निवासी सचिन निषाद पुत्र रामसमुझ निषाद अपने घर से जौनपुर शहर की तरफ जा रहे थे। सामने से एक बाइक से नीलेश तिवारी व नफीस उल्ला खान एक बाइक से जा रहे थे। असन्तुलित होकर दोनों बाइक टकरा गयी। घटना में दोनों बाइक गिर गयी। दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजवाया गया।
- शिव मंदिर से घंटा व त्रिशूल चोरी
जौनपुर धारा, चंदवक। क्षेत्र के थून्ही गांव स्थित शिव मंदिर का ताला तोड़कर चोर शनिवार रात उसमें टांगे घंटे व त्रिशूल चुरा ले गए। पुजारी की सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है। उक्त गांव में शिव मंदिर है श्रद्धालुओं ने पूजा पाठ के निमित्त उसमें पच्चीस किलो, इक्कीस किलो, बीस किलो के पीतल के घंटों के अलावा आधा दर्जन छोटे घंटे टांग रखे थे। रात में चोर मंदिर का ताला तोड़कर सभी घंटे चुरा ले गए। सुबह जानकारी होने पर पुजारी लालचंद ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



