Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

बिजली के पोलों से हटाया गया केबल और वाई-फाई तारों का जंजाल

जौनपुर के व्यस्त बाजारों में बिजली के पोलों पर लटकी बंद केबल और अनुपयोगी वाई-फाई तारों को विद्युत विभाग ने अभियान चलाकर हटाया। विभाग की कार्रवाई से बारिश के दौरान करंट उतरने और हादसे की आशंका कम होने की उम्मीद है।
Homeअपना जौनपुरजौनपुर में एफएमडी टीकाकरण अभियान का आठवां चरण शुरू, 5.70 लाख से...

जौनपुर में एफएमडी टीकाकरण अभियान का आठवां चरण शुरू, 5.70 लाख से अधिक पशुओं का होगा टीकाकरण

22 जुलाई से 8 सितंबर तक चलेगा अभियान, 1,740 ग्राम पंचायतों और करीब दो लाख पशुपालकों तक पहुंचने का लक्ष्य

जौनपुर। जौनपुर एफएमडी टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ बुधवार को किया गया। पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसे संक्रामक रोग से बचाने के लिए शुरू हुए इस अभियान को मा. राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले में 22 जुलाई से 8 सितंबर तक चलने वाले 45 दिवसीय अभियान के तहत 5.70 लाख से अधिक पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।

पशुपालकों से समय पर टीकाकरण कराने की अपील

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि पशुधन किसानों और पशुपालकों की अमूल्य संपत्ति है। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने सभी पशुओं का समय से नि:शुल्क टीकाकरण कराएं और एफएमडी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

5.70 लाख से अधिक पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य

प्रभारी मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि अभियान के लिए जनपद को 5,70,550 डोज वैक्सीन प्राप्त हुई हैं। जिले में कुल 6,32,664 पशु हैं, जिनमें 2,95,060 गोवंशीय और 3,37,604 महिषवंशीय पशु शामिल हैं।

अभियान के तहत 1,740 ग्राम पंचायतों और करीब दो लाख पशुपालकों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

43 टीमें करेंगी पशुओं का टीकाकरण

अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिले के 21 विकासखंडों के 36 पशु चिकित्सालयों के माध्यम से कुल 43 टीकाकरण टीमें गठित की गई हैं।

वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सभी पशु चिकित्सालयों में कोल्ड-चेन व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे टीकों को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखा जा सके।

एफएमडी रोग से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी

जिलाधिकारी ने बताया कि खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) एक विषाणुजनित और अत्यंत संक्रामक रोग है। समय पर टीकाकरण इस बीमारी की रोकथाम का प्रभावी उपाय है।

उन्होंने जिले के सभी पशुपालकों से निर्धारित तिथि पर अपने पशुओं का नि:शुल्क टीकाकरण कराने की अपील की, ताकि पशुओं को इस संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।