- कहा, कोरोना काल में अगर मोदी न होते तो देश में बहुत होती जन हानि
- भाजपा की संयुक्त मोर्चा की बैठक में बोले प्रदेश के राज्यमंत्री
जौनपुर धारा, जौनपुर। मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का सुक्खीपुर स्थित एक होटल में किसान, युवा, महिला, पिछड़ा, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जन जाति एवं अल्पसंख्यक मोर्चा की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने की। बैठक के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव रहे। बैठक का शुभारम्भ डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पण्डित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार अन्त्योदय के उद्देश्य को साकार करने के लिए समाज के अन्तिम पायदान पर बैठे व्यक्तियों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नीतियों के कारण सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के लिए पूरे प्रदेश के गांवों में वृहद संतृप्तिकरण अभियान के तहत कैम्प लगाकर पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित करने का कार्य किया जा रहा है इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश में 11 करोड़ किसान बन्धुओं के खाते में हर साल 6 हजार रुपए की धनराशि हस्तांतरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से देश के करोड़ों किसान बन्धुओं को लाभान्वित किया जा रहा है, इस योजना से अभी तक देश में 17 करोड़ से अधिक किसान बन्धुओं ने अपना बीमा कराया है और इस योजना के तहत 1.3 लाख करोड़ रुपए के दावों का भुगतान भी किया गया है। राज्यमंत्री ने कहा कि किसान पारदर्शी योजनान्तर्गत कृषकों को बीज रसायन एवं यंत्रों पर डी.बी.टी. के माध्यम से अनुदान देकर लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान योजनान्तर्गत भिन्न क्षमताओं के सोलर पम्प पर सब्सिडी देकर लाभान्वित किया जा रहा है, इसी प्रकार से प्रशिक्षित उद्यमी योजनान्तर्गत प्रशिक्षित कर खाद, बीज एवं कीट नाशक हेतु लाईसेंस प्रदान कर रोजगार के साधन उपलब्ध कराये जा रहे है। जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने सम्बोधित करते हुए कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से जन मानस लाभान्वित हो सके इसके लिए हर संभव प्रयास कर रही है और गरीब, असहाय, निर्बल लोगों के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व के समय में गैस सिलेण्डर लेने में लोगों को बहुत कठिनाईयों का सामना करना पड़ता था, अब हर व्यक्ति को सुगमता के साथ गैस सिलेण्डर की सुविधा उपलब्ध हो रही है, इसके लिए उन्हें लाईन में खड़ा होने की आवश्यकता नहीं है, डोर टू-डोर सिलेण्डर की डिलेवरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत गरीब व असहाय लोगों के बेटियों का विवाह कराया जा रहा है। कार्यक्रम को पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, हरिश्चंद्र सिंह, पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह आदि ने भी संबोधित किया। संचालन महामंत्री सुशील मिश्रा ने किया। उक्त अवसर पर सुरेन्द्र सिंघानियां, प्रमोद यादव, रामसूरत मौर्या, नरेन्द्र उपाध्याय, रागिनी सिंह, कमला सिंह, मम्मन यादव, सुधांशु विश्वकर्मा, संदीप सिंह सहित सभी मोर्चा के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।


