जौनपुर। ठण्ड का प्रकोप बढ़ने की संभावना को लेकर आमजन को ठण्ड से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गयी है। ठण्ड से बचाव हेतु शरीर पर उपयुक्त ऊनी कपड़े पहने, बाहर निकलते समय सिर, चेहरे, हाथ एवं पैर को गर्म कपड़े से ढकें। शरीर को गर्म रखने हेतु गर्म पेय पदार्थों एवं पौष्टिक आहार का सेवन करे, हीटर, ब्लोवर, कोयले की अंगीठी आदि चलाते वक्त थोड़ी खिड़की खोलकर रखें और सोने के पहले सभी हीटर, ब्लोवर, कोयले की अंगीठी इत्यादि को बन्द कर दें। ठण्ड में घर के अन्दर सुरक्षित रहें, जब तक बहुत आवश्यक न हो, तब तक घर से बाहर न निकले, स्नान एवं पीने हेतु गुनगुने पानी का ही प्रयोग करें। शरीर के अंगों के सुन्न पड़ने, हाथ, पैरों, कान एवं नाक पर सफेद या पीने रंग के दाग इत्यादि पड़ने पर तुरन्त डाक्टर से सम्पर्क करें। पशुओं को गर्म स्थान में रखें, उन्हे ठण्ड लगने पर पशु चिकित्सक की सलाह लें, किसी भी सहायता हेतु एम्बुलेंस 108, पुलिस 112, राहत आयुक्त कार्यालय 1070 पर सम्पर्क करें।
घना से अत्यन्त घना कोहरा एवं शीतकालीन की चेतावनी
जौनपुर। भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अंतर्गत भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केन्द्र लखनऊ द्वारा प्रदेश में घना से अत्यन्त घना कोहरा एवं शीत दिवस की स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 18दिसम्बर को अपराह्न 16:30 बजे तक प्राप्त मौसमीय विश्लेषण के आधार पर 19 दिसंबर को भी प्रदेश में जनपद जौनपुर, गाजीपुर, प्रयागराज, वाराणसी सहित आसपास के अनेक जनपदों में कोहरे की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसे दृष्टिगत रखते हुए इन जनपदों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि निचले क्षोभमण्डल में इनवज़र्न लेयर की उपस्थिति, पश्चिमी एवं मध्य भागों में प्रतिचक्रवातीय परिसंचरण तथा उत्तरी भारत से गुजर रही उष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम के प्रभाव के कारण प्रदेश में स्थिर मौसम की स्थिति बनी हुई है। इसके परिणामस्वरूप बीते 48घंटों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ-साथ कई क्षेत्रों में घना से अत्यन्त घना कोहरा छाया रहा है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञान केन्द्र, लखनऊ के अनुसार वर्तमान मौसमीय परिस्थितियां आगामी 2 से 3 दिनों तक बने रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में घना से अत्यन्त घना कोहरा छाए रहने तथा शीत दिवस से अत्यधिक शीत दिवस जैसी परिस्थितियां विकसित होने की आशंका जताई गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के कुछ जनपदों में ऑरेंज अलर्ट एवं कुछ जनपदों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आम जनमानस से अपील की है कि घने कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करें तथा शीतलहर से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां बरतें। किसान भाई अपनी फसलों को ठंड एवं पाले से बचाने के लिए उपयुक्त उपाय अपनाएं।


