- प्रभारी मंत्री श्री ए.के.शर्मा की अगुवाई में नौपेड़वा से मोहम्मदपुर तक उमड़ा जनसैलाब
- सभी को देश निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का किया आह्वान
जौनपुर। जिले के प्रभारी मंत्री ए.के.शर्मा ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जिले में आयोजित एकता यात्रा में सहभागिता की। यह यात्रा मल्हनी विधानसभा अंतर्गत नौपेड़वा से मोहम्मदपुर तक उत्साह, देशभक्ति और सामाजिक एकजुटता के संदेश के साथ निकली। बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने यात्रा में शामिल होकर इसे विशाल जनसमूह का रूप दिया। प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि देश के राष्ट्रीय एकीकरण में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान सदैव याद रखा जाएगा। 562 रियासतों को एक धागे में पिरोकर उन्होंने एक मजबूत, संगठित और सशक्त भारत का निर्माण किया। उनका जीवन देशभक्ति, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के सिद्धांत और विचार आज भी देश की एकता और अखंडता की आधारशिला हैं। प्रभारी मंत्री ने आगे कहा कि ‘नए भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को सरदार पटेल की कार्यशैली, समर्पण और राष्ट्रप्रथम की भावना से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य किया है। यदि सरदार पटेल न होते तो अखंड भारत का निर्माण मुश्किल था। उन्होंने केवल रियासतों को ही नहीं जोड़ा बल्कि देश की विविधताओं को एक शक्तिशाली पहचान दी। इस अवसर पर सांसद राज्यसभा सीमा द्विवेदी, राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, सदस्य विधान परिषद श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंशूÓ, विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्र, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक डॉ.कौस्तुभ, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, डीसीएफ चेयरमैन धन्नजय सिंह, अधिकारीगण सहित आम जनमानस उपस्थित रहे।


