- स्कूल से छुट्टी के बाद घर पहुँचने में बच्चों की हालत भी हो रही खराब
जौनपुर धारा,जौनपुर। मौसम तेजी से बदल रहा है, गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। सोमवार को जौनपुर में अधिक न्यूनतम और अधिकतम तापमान वृद्घि हुई है, जो सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग ने हीटवेव अलर्ट जारी किया है। वैसे तो अप्रैल से गर्मियों के सीज़न की शुरुआत हो जाती है, जिससे जुलाई में मानूसन आने के बाद ही थोड़ी राहत मिलती है, लेकिन इस बार अप्रैल के पहले हफ्ते में ही गर्मियों की तपिश बढ़ने लगी है। भारतीय मौसम विभाग की ओर से अप्रैल-जून की तिमाही के लिए मौसम की भविष्यवाणी भी जारी हो चुकी है। जानकारों की माने तो इस बार तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, अप्रैल का महीना खत्म होने को अभी १० दिन बाकी है। लेकिन भीषण गर्मी पड़ना शुरू हो चुका है, तापमान में लगातार बढ़ोतरी होती दिख रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में खूब गर्मी पड़ेगी। हालही में मौसम विभाग के ओर से जारी के बयान में कहा गया था कि देश में अप्रैल से जून तक तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। प्रचंड गर्मी का तापमान दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। भीषण धूप तपिश और उमस के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। मानव तो मानव पशु, पक्षी भी बूंद-बूंद पानी और छाया को तरसने को विवश हैं। आम लोग तो किसी तरह अपना कंठ सत्तू की दुकानों, जूस की दुकानों में या फिर हैंडपंपों पर भीगा ले रहे हैं। परंतु मवेशियों के पास विकट समस्या उत्पन्न होने लगी है। इंसानों का तो फिर भी गुजारा है लेकिन मवेशी इधर-उधर भटक रहे हैं। लोग गर्मी से निजात पाने के लिए खीरा, ककड़ी, तरबूज या सत्तू जूस आदि का प्रयोग कर रहे हैं। स्कूली बच्चों की हालत तो और भी दयनीय है। छुट्टी के बाद घर पहुंचने में बच्चों की हालत खराब हो जा रही है। वहीं सुबह १०बजे के बाद मुख्य मार्ग पर बिल्कुल सन्नाटा छा जाता है। धूप की तपिश से लोग घरों में दुबके रहते हैं। शाम पांच बजे से लोगों का निकलना शुरू होता है।


