― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरफैक्ट्री पर छापा, 758 बोरी नकली सीमेंट बरामद, पांच गिरफ्तार

फैक्ट्री पर छापा, 758 बोरी नकली सीमेंट बरामद, पांच गिरफ्तार

जौनपुर धारा, जौनपुर। एसटीएफ की लखनऊ व वाराणसी इकाई ने गुरुवार की देर रात मड़ियाहूं, रामपुर व सुरेरी थानों की फोर्स के साथ रामपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिधवन परिसर स्थित वीसीसी हाईटेक सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड फैवäट्री में छापेमारी की। फैक्ट्री में नकली सीमेंट बनाने का भंडाफोड़ कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। छापे में 758 बोरी नकली सीमेंट व आरोपितों के पास से सात मोबाइल बरामद हुए। फैक्ट्री सील कर दी गई है। एसटीएफ की लखनऊ व वाराणसी इकाई ने मड़ियाहूं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्य, थानाध्यक्ष रामपुर चंदन राय व थानाध्यक्ष सुरेरी अश्विनी कुमार दुबे की फोर्स के साथ उक्त फैक्ट्री में छापा मारा। तलाशी के दौरान फैक्ट्री से भारी मात्रा में खुली नकली सीमेंट, आठ डाई, सीपीयू, 70 बंडल प्रिंटेड बोरी, 130 बंडल सादी बोरी, 758 बोरियों में भरी नकली सीमेंट, सात मोबाइल बरामद हुए। मौके पर मौजूद पांच आरोपितों रामपुर धनुहां निवासी सतीश कुमार जायसवाल, नीरज जायसवाल, सिधवन निवासी बद्री प्रसाद दुबे उर्फ अफसर दुबे, रामपुर निवासी सत्येंद्र पाठक उर्फ विनय पाठक और भदोही शहर निवासी शैलेंद्र पाठक उर्फ पिंटू गिरफ्तार कर लिए गए। शुक्रवार की भेर तक चली छापेमारी की कार्रवाई के बाद उप जिलाधिकारी मड़ियाहूं लाल बहादुर की निगरानी में फैक्ट्री सील कर दी गई। धोखाधड़ी समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों का चालान कर दिया। एसटीएफ प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ऐसे सुराग मिले थे कि उक्त सीमेंट फैक्ट्री में भारी मात्रा में मानक के विपरीत नकली सीमेंट बनाकर ब्रांडेड कंपनियों की कूटरचित बोरियों में भरकर थोक के भाव में डीलरों को सप्लाई की जाती है। डाई ब्रांडेड सीमेंट की नकली बोरियां बनाने में इस्तेमाल किए जाते थे। इस दौरान अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के एरिया मैनेजर भी मौजूद रहे।

Share Now...