- माफिया हो रहे मालामाल, विभाग के लोग मौन
- मामला सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लोहता गांव का
जौनपुर धारा, करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के शारदा सहायक खंड 36 नहर की मिट्टी विभागीय कर्मचारी बेच दे रहे हैं। खनन माफिया नहर की मिट्टी बेचकर मालामाल हो रहे हैं। जानकारी के बाद भी विभागीय अधिकारी मामले को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं। इससे हकीकत का अंदाजा खुद ही लगाया जा सकता है कि विभाग के लोग किस हद तक शामिल हैं। जानकारी के अनुसार लोहता गांव के समीप शारदा सहायक खंड 36 नहर की मिट्टी बेची जा रही है अगर समय रहते इस पर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले समय में नहर कटने का खतरा बन जाएगा और नहर से सटे किसानों के खेत की फसल जलमग्न हो जाएंगे, इसके बाद भी विभागीय कर्मचारी मौन हैं। शारदा सहायक खंड नहर मेहरावां गांव से बहाउद्दीनपुर जंगीपुर कला, गड़ैला, लोहता, भकुरा समेत कई अन्य गांव से होकर गुजरती है। ग्राम वासियों का कहना है कि कई दिनों से मनमाने ढंग से खनन माफियाओं द्वारा नहर की मिट्टी काटकर बेचा जा रहा है। अधिकारियों को सूचना मिलने पर खनन माफियाओं ने ट्रैक्टर व जेसीबी लेकर वहां से गायब हो गए। नहर विभाग के जेई अवधेश कुमार ने कहा कि बिना परमिशन के मिट्टी निकालने पर कार्यवाही होगी और अपने उच्च अधिकारी से बात करके दो दिन में नोटिस भेज दी जाएगी।



