खुटहन। खुटहन वाया पट्टी नरेन्द्रपुर मार्ग के रसूलपुर गांव में रविवार की देर रात चार पहिया वाहन थार की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़ फरार हो गया। जिसे पुलिस थाने ले आई। पिलकिछा गांव के कोकना मजरा निवासी 20 वर्षीय कमलेश गौतम पुत्र स्व.विनोद शाम को उसरौली गांव में अपने एक रिश्तेदार के घर तिलक समारोह में शामिल होने गया था। रात लगभग साढ़े नौ बजे वह बाइक से वापस घर लौट रहा था। रसूलपुर इंटर कालेज के पास घुमावदार सड़क पर सामने से आ रहे थार वाहन से उसकी भिड़ंत हो गई। हेलमेट न पहने होने से कमलेश के सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस उसे सीएससी ले आई। चिकित्सकों ने गंभीर हालत देख उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। वहां ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
- पूर्व सांसद डॉ.राम विलास वेदांती का निधन
जौनपुर। राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख सूत्रधार और मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद डॉ.रामविलास वेदांती का 75वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने सोमवार को रीवा में अंतिम सांस ली।
डॉ.रामविलास वेदांती का जन्म रीवा जिले के गुढ़वा गांव में 7अक्टूबर 1958 को हुआ था। वह 10दिसंबर से रीवा के भठवा गांव में कथा कर रहे थे। उसी दौरान उनकी अचानक तबियत बिगड़ गई थी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उक्त के शिष्य राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि पूर्व सांसद डॉ.रामविलास वेदांती 1996 में मछलीशहर सीट से सांसद रह चुके हैं, और 1998 में प्रतापगढ़ से भी सांसद रहे। डॉ.वेदांती को भठवा में सीने में दर्द और घबराहट की वजह से उपचार के लिए रीवा लाया गया। सुपर स्पेशलिटी में प्राथमिक परीक्षण भी किए गए। इस बीच उनके शिष्यों ने भोपाल के एम्स ले जाने का निर्णय लिया और एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। जिसके चलते दोपहर बाद उन्हें एयर एंबुलेंस से भोपाल के लिए रवाना किया गया था। भोपाल में विजिबिलिटी कम होने से एयर एंबुलेंस वहां पर नहीं उतर पाया। इस कारण से उन्हें फिर रीवा लाया गया और सुपर स्पेशलिटी में भर्ती किया गया है जहां उनकी मौत हो गई। सोमवार को निधन की सूचना पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शोक सभाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष हरि गुप्ता, भाजपा पिछड़ा वर्ग के जिलाध्यक्ष संतोष जायसवाल, डॉ.रामचंद बिन्द, अभिषेक सिंह, जयानंद चौबे राकेश जायसवाल आदि लोग उपस्थित रहे।
- पुरानी रंजिश के कारण मारपीट कंधे की हड्डी टूटी
बक्शा। स्थानीय थाना क्षेत्र के गोरियापुर गांव में रविवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी अनुज यादव ने थाने पर लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया है कि मेरे पट्टीदार बृजेश यादव पुत्र राम सेवक यादव मास्टर तथा प्रमोद यादव,आलोक यादव पुत्रगण स्व देवराज ने सुबह मुझे गाली देने लगे मना करने पर लाठी डंडों तथा लात घुसो से जमकर पिटाई कर दी बीच बचाव करने आई मेरी भांजी खुशी यादव पत्नी को भी मारने पीटने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मेडिकल मुआयना कर बी.एन.एस की धारा 115(2) ,352, 351(3) कर कानूनी कार्यवाही कर रही है साथ में सदर मेडिकल मुआयना के लिए नौपेड़वा हॉस्पिटल के डाक्टरों ने रेफर कर दिया। वहीं निजी हॉस्पिटल में एक्सरे करवाने पर कंधे के ऊपर की हड्डी टूटी पाई गई। जब थाना अध्यक्ष को यह बात बताया गया उन्होंने बताया कि सदर हॉस्पिटल की रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्यवाही की जाएगी।
- फरार अभियुक्तों के घरों पर डुगडुगी पिटवाई
जौनपुर। सिंगरामऊ में मारपीट के दो फरार अभियुक्तों के खिलाफ धारा 84की नोटिस जारी की गई है। पुलिस ने उनके घरों पर नोटिस चस्पा कर डुगडुगी पिटवाकर सार्वजनिक घोषणा भी कराई।
यह मामला गत जून महीने का है, सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के मल्लूपुर गांव निवासी अमरनाथ खरवार को कुछ बदमाशों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। विवेचना के दौरान शुभम सिंह (पुत्र सुरेंद्र सिंह, निवासी बरैंया) और इंद्रभान सिंह (पुत्र जोखन सिंह, निवासी जमऊपट्टी) के नाम सामने आए। दोनों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र प्रस्तुत किया जा चुका है। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कई बार उनके घरों पर दबिश दी, लेकिन वे फरार थे। इसके बाद, जौनपुर के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ धारा 84 की नोटिस जारी की। नोटिस जारी होने के बाद, विवेचक उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुभम सिंह और इंद्रभान सिंह के घरों पर नोटिस चस्पा किया। साथ ही, डुगडुगी पिटवाकर सार्वजनिक रूप से इसकी घोषणा भी की गई। पुलिस अब दोनों फरार अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई है।
- अधिवक्ता पर हमले में दो घायल, पुरानी रंजिश का मामला
मछलीशहर। कोतवाली क्षेत्र के सरायमलिक गद्दों गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक तहसील अधिवक्ता और उनके परिवार के सदस्य पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घायलों की पहचान 68वर्षीय तहसील अधिवक्ता तीर्थराज उपाध्याय और उनके परिवार के 58वर्षीय गुलाब उपाध्याय के रूप में हुई है। पड़ोसियों ने पुरानी रंजिश को लेकर इन पर हमला किया, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को मछलीशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। प्रभारी निरीक्षक विनीत रॉय ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है और जल्द ही समुचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अधिवक्ता पर हुए इस हमले को लेकर तहसील अधिवक्ताओं में गहरा आक्रोश है। उन्होंने मांग की है कि आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तत्काल गिरफ्तारी की जाए।

