- सीजन में भीषण ठण्ड के पहले दिन अलाव सेंकते नजर आये लोग
जौनपुर। आधा दिसंबर बीत जाने के बाद बुधवार से ठंड का प्रकोप एकाएक बढ़ गया है। ठंड के कारण सुबह से ही कोहरा छाया रहा, जिसके कारण स्कूलों, बाजारों सहित अन्य स्थानों पर आम दिनों की अपेक्षा कम भीड़ देखी गई। लोग ठंड से बचाव के लिए अलाव सेंकते नजर आए। दिन की शुरूआत कोहरे से हुई तो पूरे दिन भगवान भाष्कर कहीं नजर नहीं आये। बुधवार की शुरुआत घने कोहरे व गलन के साथ हुई। वैसे तो कई दिन से नगर से सटे ग्रामीण क्षेत्र में सूर्य निकलने से पहले ही थोड़ा बहुत कोहरा देखने को मिलता था, लेकिन बुधवार को पूरे दिन जिले में कोहरा व बादलों का जाल फैला रहा। लोग घरों व सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाकर सेंकते नजर आये। ओस गिरने से भी ठंड का अहसास ज्यादा होने लगा, जिससे सुबह और शाम के समय शहर के विभिन्न मार्केट अंचलों से लेकर अन्य स्थानों पर लोगों को अलाव जलाकर सर्दी से बचने का प्रयास करते हुए देखा जा सकता है। ठंड का प्रकोप बढ़ने से दुकानों में गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए भी लोग जुट रहे हैं। ठंड में स्कूली बच्चों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। कोहरे के साथ भीषण ठंड से लोग घरों में दुबके रहे। बर्फीली हवा व गलन की वजह से कड़ाके की ठंड अभी दो-तीन दिन जारी रहेगी। हालांकि, बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से तेज धूप ने थोड़ी राहत तो दी, मगर सर्द हवा की वजह से गलन बरकरार रही।

- प्रशासन की तरफ से अलाव की व्यवस्था नहीं
घना कोहरा और गलन बढ़ने के बावजूद पूरे क्षेत्र में कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं है। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक उदासीनता का परिणाम है कि कड़ाके की ठंड पड़ने के बाद भी सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था नहीं है। रात और सुबह घना कोहरा होने के साथ-साथ ठंड भी अधिक पड़ने लगी है, ऐसे में रात में फंसे यात्रियों और राहगीरों के अलावा तमाम सार्वजनिक स्थलों पर आने वाले लोगों के लिए अलाव की व्यवस्था न होने से रात गुजारने में काफी दिक्कतें हो रही हैं।


