― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरजनता नहीं होने देगी विपक्ष के सपनों को पूरा : भूपेंद्र चौधरी

जनता नहीं होने देगी विपक्ष के सपनों को पूरा : भूपेंद्र चौधरी

  • कहा, भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में जब भी कोई वादा किया उसे पूरा किया
  • 2017 के पहले प्रदेश दंगाइयों के हवाले था, केंद्र में मची थी लूट

जौनपुर धारा, जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा के लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन पूर्वांचल विश्वविद्यालय में हुआ जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुशील मिश्रा ने किया। बैठक का शुभारम्भ डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पण्डित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने पूर्वांचल विश्वविद्यालय में लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा विगत 9 साल में किए गए कार्यों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपनी भूमिका का निर्वहन करना होगा। उन्होंने सक्रियता और सजगता का मूल मंत्र दिया। साथ ही भाजपा की रीति नीति के साथ संकल्पों को दोहराया और 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 सीटों पर पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की योजना अनुसार कार्य करने का आह्वान किया।  लाभार्थी सम्मेलन में भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में जब भी कोई वादा किया तो उसे पूरा किया। उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा का महासंपर्क अभियान सबसे बड़ा कार्यक्रम है। इसके जरिए हमें जन-जन तक सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले प्रदेश दंगाइयों के हवाले था, केंद्र में लूट मची हुई थी। निकाय चुनाव के झटके से विपक्ष कोमा में चला गया। अब वह गठबंधन करने में व्यस्त है। चुनाव में विपक्ष जनता को वैचारिक मुद्दे से भटकाने की कोशिश करेगा, लेकिन हमें सतर्क व सावधान रहना है। विपक्ष की मदद विदेशी ताकतें भी कर रही हैं। उसके मूल में विचार भी विदेशी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की पहचान एक सशक्त राष्ट्र के रूप में पूरे विश्व में बनी है। इसी क्रम में राज्यमंत्री स्वतन्त्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने स्वागत भाषण देते हुये कहा कि 2014 के बाद 48 करोड़ लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया। इसके पहले चार करोड़ लोग ही बैंकों से जुड़े थे। वृद्धा पेंशन 500 से एक हजार की गई। पहले की सरकारों में बिचौलिए पेंशन भी खा जाते थे। मोदी ने सीधे बैंक खातों में पेंशन का भुगतान किया। केन्द्र सरकार ने बिना भेदभाव के सभी योजनाओं का लाभ सबको पहुंचाया है। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि केंद्र में वर्ष 2014 में जब पहली बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी, तो सरकार ने पहले गरीबों के हित में योजनाएं चलाने को सोची इसी कड़ी में आज देश के 125 करोड़ जनसंख्या में 80 करोड़ गरीबों को तीन रुपये चावल और दो रुपये गेहूं मिल रही है। यह सिर्फ केंद्र सरकार से ही संभव हो रहा है। एमएलसी विद्यासागर सोनकर ने कहा कि सरकार ने स्वच्छ भारत का नारा देते हुए साढ़े बारह हजार की लागत से शौचालय बनाने का काम किया है। जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने अध्यक्षीय भाषण देते हुये कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार को गरीबों की सरकार करार देते हुए कहा कि कोरोना जैसी भयावह त्रासदी में सरकार ने लोगों को मुफ्त में अनाज देने का काम किया है। साथ ही कोरोना को देश में नियंत्रित करने का भी कार्य किया। इसलिए आगे भी मोदी को ही देश का प्रधानमंत्री बनाना है, ताकि गरीबों के लिए इसी तरह योजनाएं चलायी जा सके। इसके पहले प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने सुबह माँ शीतला का दर्शन किया और गोपी घाट का निरीक्षण करने के उपरान्त एसटीपी का निरीक्षण किया। उक्त अवसर पर जिला महामंत्री मीडिया पैनलिस्ट ओमप्रकाश सिंह, पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह, हरेन्द्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, सुनील तिवारी, अमित श्रीवास्तव, सुरेन्द्र सिंघानियां, दिनेश सिंह बब्बू, सुनील यादव मम्मन, शशि मौर्या, अंजना श्रीवास्तव, कमला सिंह, धनन्जय सिंह, मेनका सिंह, आमोद सिंह सहित सभी लाभार्थीगण उपस्थित रहे।

Share Now...