- दो जगह स्वजनों के दौड़ाने पर माल फेंक भागे चोर
जौनपुर धारा, खुटहन। स्थानीय थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग गांवों में मंगलवार की रात चोरों ने पांच घरों को निशाना बना डाला जिसमें लाखों रूपए के गहने व बीस हजार नकदी चोरों के हाथ लगे। दो घरों में खटपट की आवाज पर जागे परिवार के लोगों ने चोरों को दौड़ा लिया। खुद को फंसता देख चोर सामान फेंक भाग गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। उसरौली गांव निवासी रमेश गौतम के घर की छत से भीतर उतरे चोर बैग में रखे सोने की दो अंगूठी और चांदी की हाथपलानी उड़ा दिया। इसी गाँव निवासी कृष्ण कुमार शुक्ला के घर से चोर दो बाक्स उठा ले गए जिसे घर से लगभग सौ मीटर दूर खेत में ले जाकर चोरों ने तोड़ उसमें रखा दो सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र व कुछ चांदी के गहने तथा बीस हजार नकदी पार कर दिया। ओइना गांव के संतोष शर्मा के घर के कमरे में सिंगारदान के भीतर रखी सोने की चेन चोरों ने पार कर दिया। इसी गांव के विजय शुक्ला के घर के भीतर कमरे में रखा सूटकेस उठा कर चोर दरवाजे से निकले ही थे कि विजय की नींद खुल गई। वह ललकारते हुए नकाबपोश चोरों के पीछे भागा। चोर सूटकेस फेंक अंधेरे में गायब हो गये। इसी तरह बीरमपुर गांव के प्रधान राजू यादव के घर भी चोरी का प्रयास करते समय खटपट की आवाज से उनके छोटे भाई अंकित यादव की नींद खुल गई। वह चोरों से भिड़ गया। चोरों ने खाली हाथ भागने में ही अपनी भलाई समझी। ग्रामीणों ने बताया कि बीरमपुर गांव से जैसे ही चोर भागे उसी समय सड़क एक पिकअप भी तेज गति से आती दिखी। अंदेशा है कि चोर उसी वाहन में बैठकर भाग गए। पिकअप पिलकिछा की तरफ भाग गयी थी।



