अण्डा विक्रेता गोविंद का मौत से आक्रोशित सामाजिक संगठन
जौनपुर धारा,जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में इन दिनों दुकानदार परेशान हैं। कहीं अराजक तत्वों द्वारा पीट-पीट कर मार डाला जा रहा है। कहीं पुलिस खुद तांडव कर रही है। चोरी छिनैती आम बात हो गया। पुलिस पर धन उगाही का आरोप लगा नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि कोतवाली गेट पर धरना प्रदर्शन तक मजबूर हुए। इन्हीं सब मुद्दों के मद्देनजर तहसील उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा पुलिस महानिदेशक को सम्बोधित एक ज्ञापन पुलिस उपाधीक्षक अजीत सिंह चौहान को सौंपा गया। श्यामजी गुप्ता के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि शनिवार की रात साढ़े बारह बजे जेसीज चौक स्थित चाय दुकानदार श्याम लाल यादव से पुलिस ने बदसलूकी कर दुकान पर डंडा चलाया। जिसका रिकार्ड सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर चल रहा है। वहीं शुक्रवार को बारातियों द्वारा अण्डा विक्रेता पिता पुत्र कों पीट कर लहूलुहान कर दिया गया। पिता गोविन्द की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि विरेन्द्र सिंह बंटी ने पुलिस पर जबरन धन उगाही का आरोप लगा कोतवाली गेट पर सभासदाे और व्यापारियों के साथ विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। कई दिनों से उचक्कागिरी चरम पर है। कहीं दुकान में घुस मोबाइल पार कर दिया जा रहा तो कहीं टैम्पो चालक बैग ले फरार हो रहें हैं। ज्ञापन में पुलिस महानिदेशक से अनुरोध किया गया है कि तमाम घटनाओं के पुख्ता सबूत हेतु सीसीटीवी फुटेज मौजूद हैं। लिहाजा व्यापारियों से जुड़े मामले कों गम्भीरता से ले जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित किया जाए। प्रतिनिधि मण्डल में श्यामजी गुप्ता, एजाज इदरीश, अब्दुल्ला राईन, नीरज अग्रहरि, विवेक गुप्ता, फैजान अंसारी, विनोद अग्रहरि, गुलाम साबिर आदि मौजूद रहे।



