― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरगोमती में डूबने से एक युवक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

गोमती में डूबने से एक युवक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

जौनपुर धारा, जलालपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के भड़ेहरी गांव स्थित गोमती घाट पर नहाने गये एक युवक की मौत हो गयी वहीं दूसरे की हालत गंभीर होने पर उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। बताया जाता है कि बुधवार की दोपहर में पराऊगंज बाजार व सरैया गांव के चार युवक गोमती नदी में नहाने गये थे जिसमें से राजा मौर्या पुत्र सुरेन्द्र मौर्या 24 निवासी सरैया थाना जलालपुर की नदी में डूबने से मौत हो गयी। राजा अपने तीन दोस्तों सौरभ गुप्ता, नीरज गुप्ता, मोनू गुप्ता के साथ रंग खेलने के बाद घर से चार किलोमीटर दूर भड़ेहरी गांव स्थित गोमती नदी के घाट पर नहाने गया जहाँ चारों दोस्त नदी में नहा रहे थे। उसी दौरान नीरज का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए राजा मौर्या उसके पास बीच नदीं में गया और खुद डूब गया। साथ वालों को आसपास के मछुआरों ने बचा लिया लेकिन राजा का पता नहीं चला। घंटो मशक्कत के बाद मछुआरों ने डूबने के स्थान से कुछ दूरी पर राजा का शव निकालने में सफल रहे। तीनों को ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी जलालपुर भेजवाया जहाँ नीरज की हालत गम्भीर देख उसका इलाज चल रहा है बाकी दो सौरभ गुप्ता और मोनू गुप्ता को इलाज के बाद छोड़ दिया गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को भी दिया। थानागद्दी पुलिस चौकी प्रभारी युगल किशोर राय मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। राजा सुरेंद्र मौर्या का इकलौता बेटा था। सुरेंद्र पान की दुकान चलाते है और राजा ने चार महीने पहले फल की दुकान खोल रखी थी। घटना से गांव में कोहराम मचा हुआ है।

Share Now...