― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरे एक नजर में...

खबरे एक नजर में…

  • गांजा के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार

जौनपुर धारा, बदलापुर। कोतवाली पुलिस टीम द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर सरोखनपुर हाइवे नहर पुलिया के पास से 1 किलो 600 ग्राम गांजे के साथ एक अभियुक्त दीपक कुमार यादव उर्फ टेटे पुत्र दुखी यादव निवासी प्राणपट्टी बदलापुर को गिरफ्तार कर बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर चालान न्यायालय भेज दिया है।

  • विवाहिता की मौत मामले में दो गिरफ्तार

जौनपुर धारा, बदलापुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के हिम्मतपुर गांव में बीते बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में घर के बंद कमरे में पंखे से लटकी मिली विवाहिता की लाश मामले में कोतवाली पुलिस ने मृतक विवाहिता रूबी सरोज के पिता श्रीपाल सरोज की लिखित तहरीर के आधार पर ससुराल वालों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में केस दर्ज कर पुलिस नन्हेलाल सरोज और उनके बेटे विकास सरोज को उनके घर से गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया है।

  • जन सेवा केन्द्र संचालक के साथ मनबढ़ युवकों ने की मारपीट

जौनपुर धारा, बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के बरौली कस्बे में स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने एक जन सेवा केंद्र व पीएस एसोसिएट टैक्ट वेयर के नाम से दुकान संचालक के साथ किसी बात को लेकर कुछ मनबढ़ युवकों ने मारपीट शुरू कर दिया। वहीं जन सेवा केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की घटना कैद हो गई। पीड़ित जन सेवा केंद्र संचालक पंकज शर्मा ने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत पत्र देते हुए आरोप लगाया है कि वह अपने जनसेवा केंद्र के अंदर बैठे थे तभी दो नामजद युवक आए और बेवजह उन्हें भद्दी भद्दी गाली गलौज देने लगे। मना करने पर उक्त लोग उन्हें मारपीट कर घायल दिया और जाते समय जान से मारने व एससी एसटी के मुकदमें में फंसाने की धमकी देकर निकल गए।

  • पत्रकार की माँ की द्वितीय पुण्यतिथि मनायी गयी

जौनपुर धारा, बरसठी। क्षेत्र के भगेरी गाँव निवासी पत्रकार संतोष दुबे की माता स्व. जय देवी की द्वितीय पुण्यतिथि श्रद्धाजंलि सभा आयोजित कर मनाई गई। इस दौरान क्षेत्रीय पत्रकारों सहित जिले की जानी-मानी कुछ हस्तियों एवं जन प्रतिनिधियों ने उनके तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया। अपनी दिवंगत माता को याद करते हुए पत्रकार संतोष दुबे ने कहाकि माँ की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करना स्वभाविक है। माँ की ना मौजूदगी की कमी पूरे जीवन महसूस होगी। इस मौके पर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में विजय कुमार, पूर्व विधायक दिनेश चौधरी, महेश चंद्र पाण्डेय सहित समस्त पत्रकार शामिल रहे। अंत में पिता चंद्रभूषण दुबे सहित परिवरिकजनो ने सभी आगन्तुकों के प्रति आभार प्रकट किया।

  • अश्लील हरकत करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जौनपुर धारा, जौनपुर। पवांरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत एक गांव निवासी ने रविवार की सुबह थाने पर तहरीर दिया कि होलपुर तिराहे के पास एक युवक इरशाद मेरी पुत्री को देखकर अश्लील गाना गाने लगा और अश्लील हरकत करने लगा। घर आकर मेरी पुत्री ने मुझको बताया। पुलिस तहरीर के आधार पर उक्त युवक के खिलाफ धारा 294 आईपीसी एक्ट के तहत मुकदमा दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गयी है।

  • केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री का किया स्वागत

जौनपुर धारा, खुटहन। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी के रविवार को जौनपुर पहुंचने पर भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ के जिला संयोजक श्रीकृष्ण पांडेय बड़कऊ ने डाक बंगला पर स्वागत किया। गौरतलब है कि भाजपा द्वारा आपातकाल को काला दिवस मनाए जाने के उपलक्ष्य में पार्टी कार्यालय पर आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री बतौर मुख्य अतिथि पहुंची थी। कार्यक्रम के बाद डाक बंगले पर  पार्टी कार्यकतार्ओं से वे बातचीत कर रहीं थी। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता श्री पांडेय ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया।

  • आकाशीय बिजली से पेड़ के नीचे मोबाइल देख रहे दो युवकों की मौत

जौनपुर धारा, जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के गहोरा गांव में शनिवार की देर रात आकाशीय बिजली गिरने से मोबाइल देख रहे दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के समय दोनों युवक पेड़ के नीचे मोबाईल देख रहे थे। सूत्रों के अनुसार जिले में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के गहोरा गांव के निवासी विकास कुमार पाल (19) पुत्र गिरजा शंकर पाल तथा गोविंदा निषाद (27) पुत्र राम खिलाड़ी निषाद शनिवार की रात 8:30 बजे अपने घर के बाहर पेड़ के नीचे बैठकर मोबाइल देख रहे थे कि अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी जिससे जहां दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं मोबाइल भी ब्लास्ट हो गया। इसके साथ ही आकाशीय बिजली 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार पर भी गिरी थी, जिससे गहोरा व सटे गांव पचोखर में 15-20 घरों के पंखे, प्रिâज व टीवी भी जल गए। दोनों को परिजनों द्वारा रात्रि में जिला अस्पताल ले जाया गया था जहां चिकित्सकों द्वारा दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।

  • सरकार की योजना का लाभ नहीं मिलने पर अधिकारी जिम्मेदार : दिनेश प्रताप

जौनपुर धारा, सिरकोनी। सरकारी की सभी योजनाओं का लाभ जनता को नही मिलने पर अधिकारी जिम्मेदार होंगे। अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से न हटे। यह बातें रविवार की शाम को सिरकोनी ब्लॉक के बाकराबाद ग्राम पंचायत भवन पर आयोजित जन चौपाल में बोलते हुए राज्यमंत्री दिनेश प्रताप ने कही।

उन्होंने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश की सरकार की योजनाओं को जनता के लिए बनाया गया है। अगर उक्त योजनाएं पूरी तरह से जनता तक नही पहुंच पाती है तो उसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदार माना जायेगा। कार्यकम में उन्होंने महिलाओं का अन्नप्राशन करवाया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जनता से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को जाना। साथ ही जिम्मेदार विभाग के लोगों को आदेश दिया। कार्यक्रम के अंत मे श्री सिंह ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत प्राथमिक तथा उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी साई सीलम तेजा तथा संचालन परियोजना निदेशक जयकेश त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीपीआरओ मनोज त्यागी, जिला पूर्ति अधिकारी सन्तोष विक्रम सिंह, खण्ड  विकास अधिकारी अस्मिता सेन एडीओ आई एस बी आशीष त्रिपाठी, पोल्हन मौर्य, मनीष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share Now...