― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरें एक नज़र में…

खबरें एक नज़र में…

हौज टोलप्लाजा पर आये दिन हो रही मारपीट

जौनपुर धारा, सिरकोनी। जलालपुर थाना क्षेत्र के वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग हौज में स्थित टोलप्लाजा पर आए दिन हो रही मारपीट चर्चा का विषय बन गयी है। सोमवार की शाम को भी एक स्कार्पियो सवार लोगों की टोलप्लाजा पर जमकर पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जाता है कि स्कार्पियो वाले ने कहाकि फास्ट टैग से उसका पैसा कट गया। जबकि टोलप्लाजा कर्मी बोले पैसा नहीं कटा। जब स्कार्पियो वालों ने विरोध किया तो उसकी पिटाई की गई। आये दिन यहां मारपीट हो रही है। नए ठेकेदार के आने के बाद टोलप्लाजा कर्मचारियों की मनबढ़ी हो गयी है।

पशुशाला से भैंसा लाद ले गए चोर

जौनपुर धारा, खुटहन। डिहिया गांव के ओमप्रकाश यादव के पशुशाला में बंधे मवेशियों के साथ ही खूंटे से बंधा भैंसा सोमवार की रात अज्ञात चोर पिकअप गाड़ी पर लाद फरार हो गए। ओमप्रकाश का आरोप है कि पांच साल पहले उनकी भैंस से जना यह भैंसा हमेशा मवेशियों के साथ पशुशाला में ही रहता था। रात में अज्ञात चोर पहले भैंस खोले, वह झटक कर भाग गयी तो जाते जाते भैंसें को ही वाहन पर लाद भाग गए।

14 को बंद रहेंगी समस्त आबकारी दुकानें

जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला आबकारी अधिकारी ने अवगत कराया है कि आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा वर्ष 2023-24 हेतु आबकारी दुकानों के व्यवस्थापन की शर्तो में ही 14 अप्रैल (डा. भीमराव अम्बेडकर जयन्ती) को समस्त आबकारी दुकानों को बन्द रखने का प्राविधान किया गया है। समस्त अनुज्ञापी, देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर, भॉग, ताड़ी, सीएल-2, एफएल2/2बी, माडलशाप एवं बार के दुकानदारों को आदेशित किया जाता है कि देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर, भॉग, ताड़ी की दुकानों एवं सीएल2, एफएल2/2बी, माडलशाप एवं बार को 14 अप्रैल (डा0 भीमराव अम्बेडकर जयन्ती) को बन्द रखना सुनिश्चित करें। उक्त बन्दी का कोई प्रतिफल देय नही होगा।

  • ट्रेन से कटकर युवक की मौत

जौनपुर धारा, सुइथाकला। सरपतहां थाना क्षेत्र के अमांवाकला निवासी युवक की अम्बेडकर नगर के मालीपुर  जंक्शन के पास ट्रेन से कटकर मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी शैलेन्द्र विश्वकर्मा पुत्र राम सूरत घर से 15 दिन पूर्व अपने पिता के पास दिल्ली गया था। सोमवार को वह दिल्ली से कैफियात एक्सप्रेस से घर वापस आ रहा था। कथित रूप से मंगलवार की सुबह मालीपुर पहुंचने पर उसने घर वालों को इसकी सूचना दी। घर वाले उसके आने की प्रतिक्षा कर रहे थे कि दोपहर में जीआरपी पुलिस द्वारा दूरभाष से उसके ननिहाल में मौत की सूचना दी गयी। ननिहाल वालों ने घटना की सूचना घर वालों को दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही करने के उपरांत पुलिस ने शव को अन्त्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share Now...