बेटे ने मां को पीटा, पुलिस देख हुआ फरार
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर गांव में मंगलवार को सुबह लगभग दस बजे एक बेटे ने किसी बात पर विवाद होने पर अपनी 56 वर्षीया माँ शकुंतला देवी को मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान किसी ने इस घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दे दी। पुलिस को आता देखकर वह मौके से फरार हो गया। घायल महिला ने अपने बेटे के विरुद्ध थाने पर तहरीर दिया है। इस मामले में पूछे जाने पर थाने के उप निरीक्षक रमा शंकर पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी है उचित कार्रवाई की जाएगी।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत
जौनपुर धारा, जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र के देवापुर गांव के पास सोमवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए जिसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हिम्मतनगर गांव निवासी धर्मेंद्र पुत्र सुबास हरिजन सुब्बे अपने पड़ोसी श्रीशचंद्र के साथ बाइक से सुजानगंज से अपने घर जा रहा था। विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे धर्मेंद्र (22) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि श्रीशचंद्र घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर परिजन एवं ग्रामीण एकत्र हो गए। मृतक की शादी एक वर्ष पूर्व ही हुई थी। मजदूरी करके युवक परिवार का भरण पोषण करता था।
22 अप्रैल को आयेंगे कवि डा. कुमार विश्वास
जौनपुर धारा, सुजानगंज। राष्ट्रीय महाविद्यालय में अक्षय तृतीया पर भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर 22 अप्रैल को शाम सात बजे से कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है। आयोजक जन संवाद फाउंडेशन के चेयरमैन पंकज मिश्र ने बताया कि डा. कुमार विश्वास के साथ पद्मिनी शर्मा, रमेश मुस्कान, शंभू शिखर, योगेंद्र शर्मा समेत अन्य कवि मौजूद रहेंगे। पंकज मिश्र ने कहा कि सभी तैयारियां जोरों पर चल रही है।



