― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरें एक नजर में...

खबरें एक नजर में…

स्कूली बच्चों का हुआ टीकाकरण

जौनपुर धारा, जौनपुर। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से गांव, कस्बे में अभियान चलाकर टीकाकरण किया जा रहा है। जहां बेर्रा ग्राम सभा में स्थित जयराजी कन्या जूनियर हाई स्कूल बेर्रा के परिसर में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एनम रितु रंजन, आशा बहू बीना सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सुशीला  पटेल की उपस्थिति में 10/16 वर्ष के सभी बच्चों का टीकाकरण किया गया। एनम रितु रंजन ने बताया कि टिटनेस टीकाकरण से कटने, छीलने, चोट से होने वाले इंफेक्शन से बचाया जा सकता है,तथा डिफ्थीरिया से नाक, गला,  टांसिल प्रभावित होता है। जिससे सांस लेने में तकलीफ होती है।

ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता नौ को

जौनपुर धारा, जौनपुर। बेसिक शिक्षा के स्कूलों का ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आगामी नौ नवम्बर को आयोजित किया गया है। जिसमें शिक्षा क्षेत्र के  न्याय पंचायतों से विजयी प्रतिभागी बच्चे प्रतिभाग करेंगे। इस आशय की जानकारी खण्ड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार वैश्य ने दी। उन्होंने बताया कि ब्लाक स्तरीय एक दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 9नवम्बर को कम्मरपुर स्थित स्टेडियम में आयोजित होगा। जिसमें एथलीट, कबड्डी, बालीबाल, खो-खो व सांस्कृतिक क्षेत्रों में प्रतियोगिता होगी। क्रीड़ा कोच राकेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए क्रीड़ा स्थल को लगभग तैयार कर लिया गया है। ब्लाक स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता टीम तहसील स्तरीय खेलकूद में सफल होने के बाद आगामी 17,18नवम्बर को जिला स्तरीय खेलकूद में भाग ले सकेंगे। इस दौरान पंकज सिंह, डॉ.रणंजय सिंह, अरविन्द यादव समेत खेलकूद अनुदेशक मौजूद रहे।

सड़क दुघर्टना में तीन घायल

जौनपुर धारा, जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत अलग-अलग स्थानों पर सड़क दुघर्टना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उक्त घायलों को इलाज हेतु जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

क्षेत्र के ताखा पूरब गांव निवासी 23 वर्षीय सलमान पुत्र लबेदी सोमवार की रात बाइक से घर जाने के दौरान चिरैया मोड़ के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उपचार हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहीं दीदारगंज थाना क्षेत्र के मिरहमदपुर गांव निवासी 23 वर्षीय विकास यादव पुत्र शम्भू नाथ यादव अपने मित्र ठकठौलिया गांव निवासी 25 वर्षीय उमाकांत यादव पुत्र मेवालाल के साथ कहीं से बाइक से घर की तरफ आ रहें थे कि आजमगढ़ मार्ग स्थित नयी सब्जीमंडी के समीप अज्ञात वाहन टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

मारपीट में तीन घायल

जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत अक्खन सराय गांव में जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों में हुई मारपीट से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद परिजनों ने इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

क्षेत्र के अक्खन सराय गांव में सोमवार की सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर चले लाठी डंडे में एक पक्ष से  उक्त गांव निवासी 45 वर्षीय मुशीर अहमद व 53 वर्षीय सादिक हसन पुत्रगण मेहंदी हसन व दूसरे पक्ष से सरपतहा थाना क्षेत्र के सराय मोहिद्दीनपुर गांव निवासी 27 सहनवाज पुत्र सिराजुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार राजकीय चिकित्सालय में कराया। वहीं दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने धारा 323/504/506 के तहत मुकदमा दर्ज कर तीनों का चालान भेज दिया गया।

छात्र छात्राओं को कराया थाने का निरीक्षण

जौनपुर धारा, जौनपुर। भारत सरकार युवा कार्यक्रम तथा खेल मंत्रालय के आदेश के क्रम में छात्र पुलिस अनुभव अधिगम विशेष अभियान के तहत सुल्तानपुर प्राथमिक विद्यालय प्रथम के छात्र छात्राओं ने स्थानीय थाने का बुधवार को निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान बच्चो को साइबर सेल, अपराध नियंत्रण, अपराध नियंत्रण, महिला हेल्प डेस्क, माल खाने आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों को आवश्यक फोन नम्बरों की भी जानकारी दी गई। उन्हें महिला हेल्पलाइन नम्बर, अपराध के लिए 112-डायल सहित अन्य नम्बरों की जानकारी दी गई। उन्हें यह भी बताया गया कि समाज या परिवार में कोई भी अपराध होता देखे तो पुलिस को सूचना करे। नम्बर डायल करने में डरें नही। बच्चों को इंस्पेक्टर क्राइम हरिनारायण पटेल, एस आई सजंय कुमार, राजेश सिंह सेंगर, गुंजन यादव, प्रधानाध्यापिका सरिता सिंह आदि ने जानकारी दिया।

सिरकोनी ब्लॉक के परिषदीय स्कूलों खेलकूद प्रतियोगिता में शिक्षकों से पैसा मांगने का आरोप

जौनपुर धारा, जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के कुद्दुपुर प्रथमिक विद्यालय प्रथम पर बुधवार को आयोजित सिरकोनी ब्लॉक के परिषदीय स्कूलों की खेलकूद प्रतियोगिता में अधिकारियों पर सहयोग के नाम पर पैसा मांगने का आरोप लगाया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का आयोजन कुद्दुपुर प्राथमिक विद्यालय पर बुधवार को होना है।

ब्लॉक के विद्यालयों के कई अध्यापकों ने नाम न छापने की बात कहते हुए बताया कि अधिकारियों के अलिखित निर्देश के क्रम में सभी प्राइमरी विद्यालयों से आठ सौ तथा कम्पोजिट विद्यालयों से एक हजार की धनराशि खेलकूद प्रतियोगिता में मदद के लिए मांगा जा रहा है। इस धन का उपयोग खेलकूद के दौरान टेंट, नाश्ता, इनाम आदि में किये जाने की बात कही गयी है। अध्यापकों ने बताया कि काफी विद्यालयों के अध्यापकों ने धन दे भी दिया है। अभी कई विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा धन नही दिया गया है। इस बारे में जब खण्ड शिक्षा अधिकारी अमरेश कुमार से पूछा गया तो उन्होनें किसी भी तरह के धन को मांगने की बात को गलत बताया है।

Share Now...