- दबंगों ने दो सगे भाईयों को पीटा
जौनपुर धारा, जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मामूली विवाद को लेकर दबंगों ने दो सगे भाइयों को लाठी से पीटकर घायल कर दिया। इसी थाना क्षेत्र के अरंद गांव में मंगलवार की रात मामूली कहासुनी में गांव के ही दो दबंगों ने 25 वर्षीय मोहम्मद शहबाज व 18 वर्षीय तनवीर पुत्रगण शाहिद को लाठी डंडे से पीटकर कर लहूलुहान कर दिया। जिसके बाद परिजनों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद शहबाज की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर दोषियों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
- सड़क पर बने गड्ढे के चलते बाइक पर सवार महिला की मौत
जौनपुर धारा, जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नखास सद्भावना पुल के निकट सड़क पर बने गड्ढे के चलते बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई। खुटहन थाना क्षेत्र के बिशहुर गांव निवासी विनय कुमार पांडे अपनी पत्नी विभा पांडे 40 वर्ष के साथ आवश्यक कर से जौनपुर आए हुए थे।
बुधवार दिन के लगभग 10:00बजे वह सद्भावना पुल से ओलंदगंज जा रहे थे कि इस समय सड़क पर रहे एक गड्ढे में उनकी बाइक चली गई। पीछे बैठी महिला असन्तुलित बाइक से गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। एक ही बाइक पर तीन सवार थे, इसीलिए बाइक और भी संतुलित नहीं हो पाई। महिला को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सा के अनुसार महिला के सिर में पीछे चोट लगने के कारण उसे हेड इंजरी हो गई थी। पुलिस ने महिला की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- आध्यात्मिक जागृति-आद्यि व्याद्यि का उपचार
जौनपुर धारा, जौनपुर। सन्त निरंकारी मिशन द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार 21जून को सम्पूर्ण भारतवर्ष में स्थापित संत निरंकारी मिशन की विभिन्न शाखाओं में प्रातः 6:00बजे से स्थानीय योग प्रशिक्षकों के निर्देशन द्वारा खुले स्थानों एवं पार्कों में योग दिवस का उत्साह पूर्वक आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में जनपद जौनपुर के मड़ियाहूं पडाव स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन व जिले के 43शाखाओं पर सुबह 6:00 बजे से योग दिवस का आयोजन किया गया है। आप सभी महात्मा, बहने, बच्चे इस योग शिविर में शामिल होकर सतगुरु माता के आशीर्वाद के पात्र बने।
यह जानकारी देते हुए मिशन के स्थानीय मीडिया सहायक उदय नारायण जायसवाल ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा इस वर्ष ‘अंतराष्ट्रीय योग दिवस’ का विषय ‘महिला सशक्तिकरण के लिए योग’ दिया गया है। जो निसंदेह आज के समय की मांग है। संत निरंकारी मिशन भी समय-समय पर महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाओं को क्रियान्वित कर उन्हें सक्षम बनाने में प्रयासरत है। जिसमें मुख्यतः सिलाई एवं कढ़ाई सेंटर, ब्यूटीशियन कोर्स, टयूशन सेंटर इत्यादि प्रमुख है। संत निरंकारी मण्डल के समाज कल्याण प्रभारी आदरणीय जोगिन्दर सुखीजा ने जानकारी दी कि वर्ष 2015 से ही संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा, संत निरंकारी चैरिटेबल फाउन्डेशन द्वारा ‘योग दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाता रहा है। इसी श्रृंखला के अंतर्गत इस वर्ष भी ‘अंतराष्ट्रीय योग दिवस’ कार्यक्रम का विशाल रूप में आयोजन संपूर्ण भारतवर्ष के लगभग हर प्रांत के शहरों में उत्साहपूर्वक किया जायेगा। अतः ऐसे स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल यही है कि इस भागदौड़ भरी जिदंगी में अपनी सेहत पर और ध्यान देते हुए उसे बेहतर एवं उत्तम बनाते हुए एक स्वस्थ जीवन जीना है।
- बुलडोजर के आगे लेट गये परिवारजन, लौटा वापस
जौनपुर धारा, बदलापुर। स्थानीय तहसील क्षेत्र के सरोखनपुर गांव में बुधवार को जेसीबी लेकर बंजर खाते की जमीन से अतिक्रमण हटानें गये तहसील प्रशासन को अतिक्रमणकारियों की दबंगयी के कारण खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। इस बात की जोरदार चर्चा है। तहसीलदार राकेश कुमार ने अपने ही न्यायालय में स्वंय ग्राम सरोखनपुर के गाटा संख्या 1688 रकबा 036 डिसमिल पर से मनोज कुमार पुत्र मेवालाल शर्मा को बेदखल करते हुए बतौर क्षतिपूर्ति 4500 रूपये आरोपित किया। इसी आदेश के क्रम में एसडीएम सन्तवीर सिंह, तहसीलदार राकेश कुमार मय पुलिस बल के साथ बुल्डोजर लेकर अवैध कब्जा हटाने के लिए गये हुए थे किन्तु अतिक्रमणकारी परिजन सहित बुल्डोजर के सामने लेट गये। अतिक्रमणकारियों के सामने न असहाय प्रशासन आखिरकार वापस लौट आया। गौरतलब है कि वर्ष 2014 से ही बंजर खाते की जमीन पर हुए अतिक्रमण को लेकर मामला खासा तूल पकड़ रहा है। तहसीलदार राकेश कुमार ने बताया कि अतिक्रमणकारी मनोज शर्मा ने स्वंय अतिक्रमण हटानें के लिए तीन दिन का समय मांगा है। यदि तीन दिवस के भीतर उन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया तो प्रशासन अतिक्रमण हटाएगा।



