बाइक की डिक्की तोड़कर 50 हजार रुपये उड़ाए
जौनपुर धारा, जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पुलिस ऑफिस के पास एक उच्चके ने मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर 50,000 रूपये उड़ा दिये। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला नईगंज निवासी स्वास्थ्य विभाग के लिपिक इम्तियाज अहमद ने पुलिस ऑफिस के पिछले हिस्से कचहरी रोड पर स्थित एक बैंक से 50000 रूपये निकाले। पैसा निकाल कर अपनी ही मोटरसाइकिल की डिक्की में रखा जिसमें कई चेक व आवश्यक दस्तावेज भी थे। मोटरसाइकिल खड़ी करके पुलिस ऑफिस के पास रहने वाले व्यक्ति से 2 मिनट के लिए मिलने गए और जैसे ही लौटकर आए तो देखा कि उनकी डिक्की टूटी हुई है और उसमें रखा बैग जिसमें रुपया रखा हुआ था वह गायब रहा। इम्तियाज ने घटना की सूचना मियांपुर पुलिस चौकी पर जाकर दी। पुलिस ने मामला पंजीकृत नहीं किया है।
छेड़खानी का विरोध करने पर ट्रैक्टर चालक को दबंगों ने पीटा, हालत गंभीर
जौनपुर धारा, जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के हनुवाडीह गांव में दबंग द्वारा किशोरी के साथ छेड़खानी करने का विरोध करने पर लाठियों से पीटकर मरणासन्न कर दिया। मामला मंगलवार की सुबह लगभग 8 बजे का है। बताया जाता है कि गांव के कुछ लोग अनुसूचित जाति की लड़की के साथ छेड़खानी कर रहे थे। विरोध कर रही लड़की की चीख पुकार सुनकर ट्रैक्टर लेकर उसी रास्ते से गुजर रहे मोहन यादव 58 वर्ष ने जब इस विरोध किया तो दबंगों ने उन्हें लाठियों से पीटकर बुरी तरह से घायल कर दिया। हमलावरों की पिटाई से मोहन लाल यादव मूर्छित होकर जमीन पर गिर पड़े। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों द्वारा उन्हें अचेतावस्था में लेकर ब्लॉक पर गए जहां उनके सिर में दस टांका लगाकर बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय के लिए रिफर कर दिया है। घायल के साथ दोनों दलित लड़कियां भी जिला अस्पताल पहुंच गई और अपनी आपबीती बताया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक गौराबादशाहपुर देवानंद रजक ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर मारपीट की घटना घटित हुई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन करने में जुट गई है।



