- अंजुमन सज्जादिया के अध्यक्ष की शिकायत पर पैमाईश कराकर अवैध निर्माण हटवाने में जुटा प्रशासन
जौनपुर धारा, मछलीशहर। नगर में स्थित कर्बला के मैदान पर चहारदीवारी बनाकर अवैध कब्जा कर लिया गया है। इसकी जानकारी होने पर सोमवार को रात में अंजुमन सज्जादिया के अध्यक्ष इकबाल रिजवी ने प्रशासन से शिकायत करते हुए कर्बला की भूमि खाली कराने की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने मंगलवार को पैमाइश कराकर उक्त अवैध निर्माण को हटवाने की कार्यवाही शुरू कर दी है। खानजादा की अंजुमन सज्जादिया के अध्यक्ष इकबाल रिजवी साफ सफाई के सिलसिले में कर्बला के मैदान में रविवार को गए थे। वहां पर उन्हें कर्बला की दीवार के पूर्वी हिस्से से सटकर बाउंड्री बनी दिखी। उन्होंने निर्माणकर्ता से संपर्क कर बाउंड्री कर्बला की भूमि में होने की बात कही तो निर्माणकर्ता ने उसे अपनी भूमि में स्थित होने का दावा किया। इस पर इकबाल रिजवी कोतवाली पंहुचे और लिखित शिकायत दी। साथ ही उपजिलाधिकारी राजेश कुमार चौरसिया को भी जानकारी दी। मोहर्रम के दौरान भूमि पर अवैध कब्जा के कारण त्योहार मनाने में दिक्कत आने की बात सामने आने पर प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। तत्काल अतिक्रमण करने वाले को बुलाकर दोनों पक्षों के साथ वार्ता हुई और पैमाईश के बाद बाउंड्री कर्बला की भूमि में स्थित होने पर तत्काल हटाने पर सहमति बनी। मंगलवार को उक्त भूमि की पैमाईश लेखपाल परमानंद मिश्रा और चौकी इंचार्ज मुन्नीलाल चौरसिया और दोनो पक्षों की उपस्थिति में की गई तो बाउंड्री कर्बला की भूमि में स्थित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद अब प्रशासन अतिक्रमण करने वाले से उक्त अवैध निर्माण को हटवाने में जुट गया है।


