― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरएक नजर इधर भी...

एक नजर इधर भी…

  • शार्ट सर्किट से आटा चक्की में लगी आग, सामान जलकर राख

जौनपुर धारा, जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के निगोह बाजार में शुक्रवार की रात बिजली के शार्ट सर्किट से आटा चक्की में आग लग गयी जिससे करीब चार लाख का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन विभाग ने आग पर किसी तरह काबू पाया। बाजार में कृपाशंकर सेठ की धर्मेंद्र आटा चक्की के नाम से मशीन चलाते है। रात करीब 10 बजे बिजली मीटर के पास शार्ट सर्किट से आग लग गयी। उसी के बगल में भारी मात्रा में रुई रखी थी जिसके कारण आग बेकाबू हो गयी। वहां रखा सौर्य ऊर्जा का लगा डीएफडी, रुई, सरसों, गेंहू आदि सामान जलने लगा। मौके पर पहुँचे अग्न्शमन विभाग व आसपास के लोग कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। आटा चक्की संचालक कृपा शंकर सेठ ने बताया कि करीब चार लाख का सामान जला है। अगर सही समय पर आग न बुझती तो चक्की के दूसरी तल पर कपड़े की दुकान में भी आग लग जाती।

  • 25 हजार का वांछित इनामिया गिरफ्तार

जौनपुर धारा, जौनपुर। क्षेत्र के ग्राम गंगौली निवासी पच्चीस हजार के वांछित इनामिया को शनिवार को प्रात: लगभग साढ़े सात बजे गिरफ्तार कर लिया गया। गौरतलब है कि राहुल सिंह उर्फ अभय सिंह पुत्र रविन्द्र सिंह मुन्ना हत्या के प्रयास समेत अन्य संवेदनशील धाराओं में वांछित चल रहा था। जिस पर पुलिस ने पच्चीस हजार का इनाम घोषित कर रखा था। वहीं इनपुट के आधार पर राहुल आये दिन घर आया करता था। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने अपने मातहतों के साथ मुखबिर की सूचना पर तत्परता दिखाते हुए राहुल को घर से गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। गिरफ्तारी टीम में अपराध निरीक्षक देवेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अटल विहारी मिश्र, हरिश्चंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल शिवकुमार सिंह, पीयूष सिंह शामिल रहे।

  • शातिर अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे

जौनपुर धारा, जौनपुर। शनिवार को क्षेत्र का एक शातिर अपराधी उस समय पुलिस के हत्थे चढ़ गया जब पुलिस क्षेत्र भ्रमण कर रही थी। गिरफ्तार करने के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया। बतौर पुलिस  उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह मय हमराह क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे, उसी दौरान क्षेत्र का कटका निवासी शैलेन्द्र प्रताप यादव ऊर्फ एसपी यादव पुत्र हरिश्चन्द्र नामक शातिर अपराधी लगभग दो किलोग्राम गांजे के साथ उनके हत्थे चढ़ गया। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि  गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया गया।

  • जिला कारागार में सप्ताहव्यापी योग शिविर का आयोजन

जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला कारागार 15 जून से एक सप्ताह के योग शिविर का आयोजन किया गया है जिसमें पतंजलि योगपीठ जौनपुर इकाई के योग प्रशिक्षक डॉ. ध्रुवराज एवं आर्ट ऑफ लिविंग जौनपुर इकाई की योग प्रशिक्षिका सुमित्रा पांडेय द्वारा जेल अधिकारियों कर्मचारियों व महिला पुलिस बंधुओं को प्रत्येक दिन प्रात: योग कराया जा रहा है। इस योग शिविर में भाग लेने वाले जेल के अधिकारी, कर्मचारी व बंदीगणों पर इसका बहुत अच्छा प्रभाव पड़ रहा है। इस कार्यक्रम का समापन विश्व योग दिवस 21 जून को होगा।

  • बकाया सात लाख रुपये वसूलने आयी महिला ने मचाया हंगामा

जौनपुर धारा, जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को राजस्थान से अपना बकाया सात लाख रुपये वसूलने आयी महिला ने जमकर हंगामा मचाया। उसने आरोपी युवक पर कुछ और भी आरोप लगाये। बहुत समझाने के बाद वह 15 दिन का समय देकर वापस चली गयी।

उक्त गांव निवासी एक युवक भरतपुर में केराना की दुकान चलाता है। यह दुकान उसे उसके मामा ने दी थी। मामा की संतान नहीं थी। दुकान में युवक तथा उसके चचेरे मामा का एक लड़का रहते थे। दुकान के बगल में एक महिला रहती थी। युवक ने महिला से प्रेम सम्बन्ध बना लिया। उसके बाद दुकान में सामान भरने के नाम पर उससे सात लाख रुपये भी ऐंठ लिए। युवक के गलत संगत के कारण दुकान का कारोबार दिन प्रतिदिन कम होता गया। युवक तीन वर्ष तक दुकान चलाने के बाद दुकान चचेरे मामा के लड़के को सुपुर्द करके दस दिन के लिये गांव आ गया। वह गांव आने के बाद छह महीने तक वापस नहीं गया। छह माह बीतने के बाद वहां से शुक्रवार की सुबह एक महिला आ धमकी। महिला ने युवक पर सात लाख रुपये का कर्ज लेकर भाग आने की बात कही। पैसा तत्काल देने की मांग की और नहीं देने पर काफी हंगामा मचाना शुरू कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि गांव के लोग जमा हो गए। महिला बोली के अगर आज पैसा नहीं मिला तो वह पुलिस को बुलाकर कानूनी कार्यवाही करेगी। काफी समझाने के बाद अगले हफ्ते दुकान उस महिला के नाम रजिस्ट्री करने की बात पर वह मानी। गांव के लोगों के समझाने के बाद वह वापस चली गई।

  • सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन

जौनपुर धारा, जौनपुर। मड़ियाहूँ तहसील सभागार में उप जिलाधिकारी लाल बहादुर की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन संपन्न हुआ। इस मौके पर 89 प्रार्थना पत्र आए जिसमें से मौके पर 9 का निस्तारण किया गया। शेष संबंधित विभागों को भेजा गया। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी चोब सिंह, तहसीलदार राम सुधार, नायब तहसीलदार संतोष कुमार सिंह, संदीप कुमार सिंह, प्रमोद कुमार यादव, मीना गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं सर्किल के थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

Share Now...