खुटहन। थाने की पुलिस ने टीम ने इंटरनेट मीडिया में अभद्र टिप्पणी के साथ वीडियो पोस्ट कर हिंदू जनमानस की धार्मिक आस्था को चोट पहुंचाने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गुरुवार को शिकायत मिली की इंस्टाग्राम प्लेटफार्म पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट किया गया है। इससे हिंदुओं की धार्मिक आस्था को गहरी चोट पहुंच रही है। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने इसे गंभीरता से लेते हुए छानबीन कराई। इसमें इंस्टाग्राम आइडी थाना क्षेत्र के गौसपुर निवासी विवेक कुमार गौतम के होने की पुष्टि हुई। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उपनिरीक्षक सत्येंद्र नारायण सिंह ने सहयोगी कांस्टेबलों अजय यादव व अजय कुमार के साथ दबिश देकर विवेक कुमार गौतम गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
यूपीएसआई की तैयारी कर रहे जौनपुर के युवक ने गोली मारकर की आत्महत्या
जौनपुर। यूपी की राजधानी जिला लखनऊ में यूपीएसआई की तैय्यारी कर रहे एक युवक ने अपनी अवैध रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर मौत को गले लगा लिया है। जिला जौनपुर निवासी 35वर्षीय प्रद्युमन पाठक अपने मित्र दिव्यांशु सिंह के कमरे में रहकर यूपीएसआई की तैयारी कर रहा था। यह घटना लखनऊ के थाना विकास नगर क्षेत्र में स्थित मकान में घटित हुई है।
युवक ने आत्महत्या की या उसकी हत्या हुई इसका खुलासा पुलिस जांच में पता चलेगा। पुलिस के अनुसार युवक प्रद्युमन पाठक ने अपनी अवैध रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिल्हाल पुलिस इस घटना की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद ये भी पता चला है कि युवक ने नौकरी दिलवाने के नाम पर कई लोगों से पैसा लिया था। दूसरी ओर रोज की तरह युवक प्रद्युमन पाठक के साथ रहने वाला उसका दोस्त भी घटना से पहले वहां मौजूद नहीं था। पुलिस ने युवक के घर पर आत्महत्या की जानकारी दे दी है।
काशी-दादर एक्सप्रेस में बम होने की झूठी सूचना देने वाला गिरफ्तार
जौनपुर। जिले के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के दियावां महादेव के रहने वाले एक सीरियल कॉलर ने काशी दादर एक्सप्रेस में बम होने की झूठी सूचना देकर हड़कंप मचा दिया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गये सीरियल कॉलर राजेश शुक्ला ने ये हरकत कई बार कर चुका है। इस मामले को लेकर बताया जा रहा है कि आरोपी ने महज अफसरों को परेशान करने के लिए काशी-दादर एक्सप्रेस में बम होने की ऐसी अफवाह फैलाई। इस अफवाह के बाद पूरी रेल सुरक्षा व्यवस्था हिल गई। शातिर इतना कि उसने पुलिस को चकमा देने के लिए 15 अंकों वाले डिजिटल नंबर और मुंबई के पीसीओ का इस्तेमाल किया। फिल्हाल आरोपी को वाराणसी जीआरपी की टीम ने मुंबई के एक अपार्टमेंट से दबोच लिया है। वहीं, आशंका जताई जा रही है कि ये सीरियल कॉलर महौल बिगाड़ने के लिए एैसी हरकते करता है। आरोपी एक बार और झूठी सूचना देने के आरोप में जेल जा चुका है। छूटने के बाद उसने ये दूसरी बार फर्जी अफवाह उड़ाई है। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सीरियल कॉलर जिला जौनपुर के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र दियावां गांव का रहने वाला है।
मतदेय स्थलों पर समय से उपस्थित होकर आपत्ति प्राप्त करें बीएलओ : जिलाधिकारी
जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.दिनेश चन्द्र ने अवगत कराया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी उ.प्र., लखनऊ के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद में अवस्थित 09 विधानसभा क्षेत्रों के समस्त मतदेय स्थलों पर ग्रामसभा/शहरी स्थानीय निकाय क्षेत्र के पार्षद/ग्राम प्रधान/वार्ड सदस्य/बूथ लेविल एजेण्ट/स्थानीय प्रतिनिधियों/नागरिकों की उपस्थिति में बीएलओ 18जनवरी को पूर्वान्ह 10.45बजे से सायं 4.15 बजे से मृतक, शिफटेड, डुप्लीकेट एवं आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची को पढ़कर सुनाया जायेगा। यदि किन्हीं कारणों से मृतक, शिफटेड, डुप्लीकेट में चिन्हित मतदाताओं में से यदि कोई मतदाता उपस्थित पाया जाता है एवं जिन मतदाताओं का नाम आलेख्य नामावली में सम्मिलित नहीं है, तो ऐसे मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने हेतु फार्म-6 घोषणा पत्र के साथ प्राप्त करेंगें। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 06 फरवरी 2026 तक है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में 04 विशेष अभियान की तिथियां यथा दिनांक 17-01-2026(शनिवार), 18-01-2026(रविवार), 31-01-2026(शनिवार) तथा 01-02-2026(रविवार) निर्धारित की गई है। विशेष अभियान की तिथियों में बीएलओज अपने सम्बन्धित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर दावे/आपत्तियां प्राप्त करेंगे। ऐसे पात्र व्यक्तियों (पुरुष/महिला) जिनके नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नहीं है और दिनांक 01.01.2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक की आयु पूर्ण कर चुके/रहे हैं, उनके नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने हेतु फार्म-6 घोषणा पत्र के साथ, विद्यमान निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नाम को हटाने हेतु फार्म-7, विद्यामान मतदाता सूची में किसी किसी प्रविष्टि में संशोधन करने या मतदाता फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन, दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन करने अथवा निवास स्थान परिवर्तन हो जाने के सम्बन्ध में फार्म 8 घोषणा पत्र के साथ मतदेय स्थलों पर नियुक्त बीएलओज के पास आफलाइन जमा कर सकते हैं।
सीएमएस ने किया स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण
जौनपुर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.प्रभात कुमार द्वारा जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जय गोपालगंज का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सक उपस्थित पाए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के समय सीएचओ उपस्थित मिले, जिनके द्वारा दो मरीजों का उपचार किया गया। एएनएम सेंटर पर कुल 14 प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं। इसके उपरांत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलाव का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय धर्मेंद्र एवं स्वप्न उपस्थित पाए गए। चिकित्सक के संबंध में जानकारी लेने पर बताया गया कि वे अपनी इमरजेंसी ड्यूटी के कारण मुफ़्तीगंज गए हुए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि सभी कर्मचारी समय से उपस्थित रहकर अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। केंद्र पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। इसके अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरकोनी का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय अधीक्षक सहित सभी चिकित्सा अधिकारी उपस्थित पाए गए। यहां अब तक कुल 30 जांच की जा चुकी थीं। दवाइयों की उपलब्धता पर्याप्त पाई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.प्रभात कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर समयबद्ध उपस्थिति, स्वच्छता, जांच एवं उपचार सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 20वर्ष की कैद
जौनपुर। अपर सत्र न्यायाधीश पाक्सो उमेश कुमार की अदालत ने 7वर्ष पूर्व बहला फुसलाकर भगा ले जाने व नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने के आरोपी युवक को 20 वर्ष के कारावास व 38000अर्थदंड से दंडित किया।
अभियोजन कथानक के अनुसार सिंगरामऊ थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अभियोग पंजीकृत करवाया कि 21 अगस्त 2018 को दिन में 2:00 बजे उसकी 14 वर्षीय पुत्री को लवकुश खरवार निवासी ग्राम खजुरन थाना बदलापुर बहला फुसलाकर मुंबई भगा ले गया और उसे फोन करके मुकदमा दर्ज न करने का दबाव डाल रहा था। पुलिस ने विवेचना करके आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया।
हमलावरों के विरूद्ध कार्यवाही की मांग
जौनपुर। लाइन बाजार थाना के लखनपुर निवासिनी दीपा जायसवाल पत्नी प्रेमचन्द ने थाना लाइन बाजार को प्रार्थना पत्र देकर हमलावरों के विरूद्ध कार्यवाही की मांग की है। पीड़िता ने बताया कि उसके पट्टीदारों के बीच जमीनी विवाद चल रहा है, जिसे लेकर कई बार मारपीट हो चुकी है। इधर धर्मेन्द्र, जितेन्द्र, सीमा कुछ लोगों के साथ भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए उसके पास आ गये। इन लोगों ने लाठी डंडों तथा पाइप से उसके पुत्र युवराज को मारपीट कर घायल कर दिया। विरोध करने पर दीपा को भी मारे पीटे। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाई थी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक से जानकारी मांगी गयी तो उनका फोन नहीं उठा।


