- राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर का हुआ समापन
जौनपुर धारा, सुइथाकला। राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का समापन समारोह गुरूवार को गांधी स्मारक पीजी कॉलेज समोधपुर स्थित श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान परिसर में आयोजित हुआ। समापन समारोह का शुभारंभ स्काउट गाइड के जिला मुख्यायुक्त एवं श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज समोधपुर के पूर्व प्रधानाचार्य डा. रणजीत सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा अर्चना करके बतौर मुख्य अतिथि के रूप में किया। सर्वप्रथम स्मृति दुबे, प्रगति मिश्रा व अंतिमा गुप्ता द्वारा सरस्वती वंदना व स्वागत गीत खुशी पांडेय, प्रीति सिंह प्रीति तथा गुंजा ने प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि का माल्यार्पण करके स्वागत किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य देश व समाज के प्रति सेवा भाव जागृत करना है। आधुनिक पीढ़ियों में सेवा भावना के प्रति उदासीनता पर चिंता जताई। अपने उद्बोधन में उन्होंने बताया कि मां-बाप और समाज की निस्वार्थ सेवा भारतीय सनातन परंपरा का अंग रही है। उन्होंने कहा कि सेवा ही सर्वोपरि है इसलिए इसके लिए हमेशा हमें तत्पर रहना चाहिए। अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य ने सप्त दिवसीय शिविर कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम अधिकारियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। स्वयंसेवकों द्वारा कव्वाली, राष्ट्रीय गीत एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आलोक प्रताप सिंह विसेन ने राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। आभार एवं धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. इंद्र बहादुर सिंह ने किया। संचालन बीए के छात्र आर्यन श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डॉ. पंकज सिंह, डॉ. लालमणि प्रजापति, डॉ. लक्ष्मण सिंह, डा. नीलमणि सिंह, जितेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।



