- प्रेस कांफ्रेस में राज्यमंत्री ने केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर गिनायी उपलब्धियां
- कहा, खेल को बढ़ावा देने के लिए 10 करोड़ स्वीकृत, सिद्दीकपुर में बनेगा मल्टीपरपज हाल
जौनपुर धारा, जौनपुर। मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर प्रदेश सरकार के मंत्री व नगर विधायक गिरीश चंद्र यादव ने गुरूवार को नगर के एक होटल में पत्रकारो से रू-ब-रू हुए। उन्होने पूरे दावे के साथ कहा कि देश में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास की गंगा बह रही है। सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है। गरीबों को पक्का घर, शौचालय और हर घर नल से जल दिया जा रहा है। उन्होने जौनपुर में अपने कार्यकाल में हुए तथा हो रहे विकास कार्यो को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि सीहीपुर रेलवे क्रासिंग पर जल्द ही ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो जायेगा, जगदीश रेलवे क्रासिंग के लिए प्रस्ताव भेजा गया है जल्द ही मंजूरी मिल जायेगी। गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 9 साल की सरकार का शासन बेदाग रहा है। एक भी भ्रष्टाचार का मामला सामने नहीं आया है, यह अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कहा कि नौ साल बेमिसाल रहे, यह 9 साल सेवा और सुशासन की सरकार रही जिसने गरीबी के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्व के लोकप्रिय नेता है, आज हम सब मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को जनता के बीच लेकर जा रहें हैं, जबकि दूसरी पार्टियां जनता के बीच जाने से बचती रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही सरकार में गुंडे, माफियाओं के साथ ही अपराधियों के लिए कोई भी जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि खेल को बढ़ावा देने के लिए इंदिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में मल्टीपरपज हाल बनाने के लिए भारत सरकार ने ही 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किया है, इसका निर्माण कार्य शुरू हो गया है। माता शीतला धाम चौकिया के सुंदरीकरण के लिए पर्यटन विभाग की तरफ से चार करोड़ रुपए स्वीकृत किया गया है, शीघ्र ही यहां पर कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने जौनपुर नगर में गोमती नदी के तट हनुमान घाट और प्रतिमा विसर्जन घाट पर लगभग 20 करोड़ रुपये से निर्माण कार्य चल रहा है, जहां पर सीढ़ियां बनाई जा रही हैं, इसके बन जाने से यहां पर नगर वासियों को नदी में स्नान करने के साथ ही सुबह-शाम टहलने की भी सुविधा रहेगी। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, भाजपा नेता व नपाप अध्यक्ष प्रतिनिधि रामसूरत मौर्य, श्याम मोहन अग्रवाल, ब्रह्मेश शुक्ला सहित अनेक लोग मौजूद रहे।



