Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरमुर्गी फार्म हाउस में सोए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

मुर्गी फार्म हाउस में सोए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

  • गौराबादशाहपुर के बिझवार सारंग की घटना
  • आधे से ज्यादा मुर्गे-मुर्गियां भी मरीं, पुलिस छानबीन में जुटी
  • पुलिस बंद कमरे में दम घुटने से मौत होना मान रही
  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही कारण होगा पूरी तरह स्पष्ट

जौनपुर धारा, जौनपुर। बिझवार सारंग गांव में सोमवार की रात मुर्गी फार्म हाउस में सोए युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार की सुबह शव दिखाई पड़ने पर सनसनी फैल गई। आधे से ज्यादा मुर्गे-मुर्गियों की भी मौत हो गई। पुलिस प्रथम दृष्टया दम घुटने से मौत होना मान रही है, लेकिन यह भी कह रही है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही कारण पूरी तरह साफ होगा। बिझवार सारंग गांव के प्रदीप नागर का 26 वर्षीय इकलौता अविवाहित पुत्र मनीष नागर घर से छह सौ मीटर दूर मुर्गी फार्म हाउस चलाता था। रोजाना की भांति सोमवार की रात मनीष घर से भेजन करने के बाद फार्म हाउस पर सोने चला गया। सुबह काफी देर तक नहीं लौटा तो पड़ोस के व्यक्ति ने फार्म हाउस पर जाकर उसे आवाज लगाई। भीतर से कोई प्रतिक्रिया न होने पर खिड़की से झांका तो वह कमरे में मृत पड़ा था। आधे से ज्यादा मुर्गे-मुर्गियां भी मृत पड़ी थीं। रोते-बिलखते स्वजन पहुंच गए। केराकत के सीओ गौरव शर्मा व थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकाला और कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की। मृत मनीष नागर के पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में परदेस रहते हैं। मां मीरा देवी व दो बहनें रो-रोकर बेहाल हैं। घटना के बारे में पूछने पर थाना प्रभारी ने बताया कि सरसरी तौर पर बंद कमरे में गैस बनने की वजह से दम घुटने से मौत होना प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही कारण पूरी तरह साफ होगा। फिलहाल स्वजन की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की हर एंगल से छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।